खालिस्तानी अलगाववादी पन्नू के आरोपों पर भारत का पलटवार...
'झूठे और बेबुनियाद',पन्नू केस पर भारत सख्त,आरोपों पर दिया सख्त जवाब !
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद भारत ने प्रतिक्रिया दी है. इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह अमेरिका का आंतरिक मामला है. भारत ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों को वहां की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों का मजबूत समर्थन हासिल है. अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर ट्रंप को एक बड़ा झटका लगा है क्योंकि रिपब्लिकन पार्टी को सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स, दोनों में हार का सामना करना पड़ा है.
राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए एक तरह के जनमत संग्रह तौर पर देखे जा रहे इन अमेरिकी मिडटर्म चुनावों ने उनके उन फैसलों पर करारा प्रहार किया है, जिनका अमेरिका, दुनिया और भारत पर गहरा असर पड़ा था. पिछले दो वर्षों में, टैरिफ, व्यापार, वीजा प्रतिबंधों, लोगों के डिपोर्टेशन और पाकिस्तान की सेना के साथ अमेरिका के करीबी संबंधों को लेकर भारत-अमेरिका रिश्तों में उतार-चढ़ाव आते रहे हैं.
गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ दायर मुकदमा
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की तरफ से अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ दायर मुकदमे को भी खारिज कर दिया. इससे पहले, एक अमेरिकी संघीय अदालत ने पन्नू को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को भारतीय अदालतों के जरिए समन तामील कराने की अनुमति दे दी थी.
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "हम अपने उच्च अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को खारिज करते हैं. साथ ही, हम इन बेबुनियाद मुकदमों को भी खारिज करते हैं. भारत में न्यायिक दस्तावेजों को तामील कराने का अनुरोध केवल भारत के विधि एवं न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही भेजा जा सकता है." यह मामला पन्नू द्वारा दायर किए गए दीवानी मुकदमे से जुड़ा है, जिस पर न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत ने एक आदेश दिया था.






0 Comments