जनकपुर से अयोध्या के बीच चलेगी नई ट्रेन...
भारत-नेपाल के यात्रियों को भारतीय रेलवे देने जा रहा है बड़ी सुविधा !
भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है. इससे दोनों देशों के यात्रियों और रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा.भारत और नेपाल के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के लोगों को आने-जाने में आसानी होगी. खासकर जनकपुर धाम और अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा फायदा मिलेगा.
जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है. ऐसे में दोनों शहरों को रेल मार्ग से जोड़ने से रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा. साथ ही, भारत और नेपाल के बीच पहले से चले आ रहे सांस्कृतिक रिश्तों को भी मजबूती मिलेगी.
604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इसका ठहराव होगा. यह ट्रेन, जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी. इसके अलावा अयोध्या धाम स्टेशन पर भी ट्रेन का ठहराव दिया गया है. यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी. जनकपुर धाम से हर शनिवार को ट्रेन रवाना होगी, जबकि अयोध्या कैंट से सोमवार को इसकी वापसी सेवा चलेगी.
कब होगा ट्रेन का उद्घाटन?
रेलवे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 23 नवंबर को इस ट्रेन का उद्घाटन हो सकता है. उद्घाटन समारोह अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित किए जाने की तैयारी है. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान इस कार्यक्रम के आयोजन की संभावना है. इस उदघाटन कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओ के शामिल होने की संभावना है.
रामायण सर्किट और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
फिलहाल अयोध्या से जनकपुर जाने के लिए यात्रियों को कई ट्रेनें बदलनी पड़ती हैं या सड़क मार्ग से सफर करना पड़ता है. इस ट्रेन से अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने से रामायण सर्किट को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. इस ट्रेन के शुरू होने से नेपाल से अयोध्या और भारत से जनकपुर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान हो जाएगा. लोग अब इन दोनों धार्मिक शहरों के बीच रेल से यात्रा कर सकेंगे. इसके अलावा रामायण से जुड़े दूसरे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को भी इसका फायदा मिल सकता है.
रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ने से रास्ते में पड़ने वाले शहरों और कस्बों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. होटल, पर्यटन, स्थानीय दुकानदारों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के लिए नए मौके बन सकते हैं. वहीं, दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को भी आने-जाने के लिए एक और रेल सुविधा मिलेगी.






0 Comments