थाना झांसीरोड पुलिस की बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही...
रास्ता रोककर कार में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों को थाना झांसीरोड़ पुलिस ने दबोचा !
ग्वालियर। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रुतकीर्ति सोमवंशी(भापुसे) के निर्देशन में ग्वालियर पुलिस द्वारा शहर में शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले बदमाशों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में थाना झांसीरोड़ पुलिस ने कार अड़ाकर रास्ता रोकने, गाली-गलौज करने और डंडे से गाड़ी में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया है।
घटना के बारे में फरियादी संकेत दुबे निवासी हॉस्पिटल रोड, थाना कोतवाली लश्कर ग्वालियर ने थाना झांसीरोड में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 06.11.2026 की रात्रि करीब 10ः15 बजे वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी07-सीडी-3060 से जा रहा था। बंधन वाटिका चेतकपुरी रोड के पास एक बिना नंबर की काले रंग की इलेक्ट्रिक कार बीच सड़क पर लहराते हुए चल रही थी। फरियादी द्वारा हॉर्न बजाने पर चेतकपुरी गेट के पास पेट्रोल पंप के सामने उक्त कार क्रमांक एमपी07-एएच-9779 के चालक रोहित यादव ने फरियादी की कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद चालक रोहित यादव और उसके साथी ने कार से उतरकर फरियादी के साथ गाली-गलौज की और हाथ में डंडा लेकर फरियादी की कार के चारों तरफ के कांच, साइड ग्लास, हेडलाइट, बोनट और बम्पर में मारकर भारी नुकसान पहुँचाया। जाते-जाते आरोपियों ने फरियादी को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि ‘‘मेरी गाड़ी को हॉर्न देना मौत को बुलावा देना है।’’
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना झांसीरोड पुलिस द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 370/2026 धारा 126(2),296(ए),3(5),324(4),351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल एवं सीएसपी विश्वविद्यालय श्री शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में थान प्रभारी झांसीरोड निरीक्षक सुरभि शर्मा द्वारा पुलिस की टीम को उक्त प्रकरण के आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगाया गया।
थाना प्रभारी झांसीरोड के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा एवं पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की गई और मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों सुमित यादव एवं रोहित यादव को अभिरक्षा में लिया गया। प्राथमिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपीगण-1. सुमित यादव पुत्र जसवंत यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मेहरा, सिरोल, जिला ग्वालियर।
2. रोहित सिंह यादव पुत्र कुलवेंद्र सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम जडेरुआ, पिंटो पार्क, थाना गोले का मंदिर, ग्वालियर।
थाना प्रभारी झांसीरोड निरीक्षक सुरभि शर्मा, उनि आशीष शर्मा, प्रधान आरक्षक राम बरन लोधी, आरक्षक पवन सिकरवार, नीरज यादव, राजकुमार विमल की सराहनीय भूमिका रही।






0 Comments