G News 24 : वाक्पटुता, चित्रकला, ओपन माइक और अंत्याक्षरी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर !

 ‘स्पंदन–2026’ के तीसरे दिन प्रतिभाओं ने बिखेरे रचनात्मकता के रंग...

वाक्पटुता, चित्रकला, ओपन माइक और अंत्याक्षरी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर !

ग्वालियर। प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘स्पंदन–2026’ के तीसरे दिन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह का शानदार संगम देखने को मिला। 3 नवंबर को आयोजित चार प्रतियोगिताओं में ग्वालियर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जस्ट-अ-मिनट, चित्रकला, ओपन माइक और अंत्याक्षरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी वाक्पटुता, कलात्मक अभिव्यक्ति और संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जस्ट-अ-मिनट प्रतियोगिता में संजना धाकड़ ने प्रथम, अंजलि राजावत ने द्वितीय और मोहित सिकरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रगति अग्रवाल प्रथम, हैदर खान द्वितीय और सेजल वर्मा तृतीय रहे। वहीं ओपन माइक प्रतियोगिता में रुद्राक्ष त्रिवेदी ने प्रथम, प्रियांशु कुशवाह ने द्वितीय और मुकुल सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न चरणों में अपनी संगीत की समझ, याददाश्त और टीमवर्क का प्रदर्शन कर समां बांध दिया।

महोत्सव की विशेषता यह रही कि आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने स्वयं संभाली, जबकि शिक्षक मार्गदर्शक की भूमिका में रहे। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रतियोगिताओं के निर्णायक बाहरी संस्थानों से आमंत्रित किए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

तीसरे दिन पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। अब महोत्सव का समापन 4 नवंबर को जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक संध्या एवं समापन समारोह के साथ होगा, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


Reactions

Post a Comment

0 Comments