भगवान बालाजी के मंदिर में अब तक का सबसे बड़ा दान ...
आज तिरुपति देवस्थानम को 121 किलोग्राम सोने से बने 45 आभूषण भेंट करेंगे,एक अज्ञात भक्त !
26 नवंबर को तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 121 किलोग्राम सोने से बने 45 आभूषण भेंट करेंगे। इनकी अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, किसी एक श्रद्धालु की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया जाने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा होगा।
121 किलोग्राम सोने से तैयार किए गए इन 45 आभूषणों को नौ अलग-अलग सेट में व्यवस्थित किया गया है। इन्हें बनाने में करीब 15 महीने का समय लगा। मंदिर प्रशासन के साथ सभी जरूरी बातचीत पूरी हो चुकी है और 26 नवंबर को भक्त औपचारिक रूप से ये आभूषण टीटीडी को सौंपेंगे। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के भी तिरुमला पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अगस्त 2025 में अपने 'P4' कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान पहली बार इस अज्ञात भक्त के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि कई साल पहले अमेरिका जाने से पहले इस व्यक्ति ने भगवान वेंकटेश्वर से सफलता की प्रार्थना की थी। बाद में उसने एक आईटी कंपनी शुरू की और सफल उद्यमी बन गया।
बताया गया है कि हाल ही में इस भक्त ने अपनी कंपनी की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हासिल की। इसके बाद उसने अपनी संपत्ति का एक हिस्सा सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करने और भगवान वेंकटेश्वर के प्रति किए गए पुराने संकल्प को पूरा करने का फैसला किया।
चंद्रबाबू नायडू को लिखे पत्र में भक्त ने बताया कि कंपनी की हिस्सेदारी की सफल बिक्री के बाद ही उसने सोने के आभूषण भेंट करने का निर्णय लिया। उसने मुख्यमंत्री से अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने का भी अनुरोध किया है।
टीटीडी के सूत्रों के मुताबिक, 121 किलोग्राम सोने से तैयार ये आभूषण मंदिर के गर्भगृह में मुख्य देवता को सजाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आभूषणों के कुल वजन के बराबर हैं। 26 नवंबर को इन्हें मंदिर प्रशासन को सौंपे जाने के बाद भगवान वेंकटेश्वर के श्रृंगार में शामिल किया जाएगा।






0 Comments