मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्व विभाग की ली समीक्षा बैठक...
CM ने पटवारियों को नियुक्ति वाले गांव में रहने और मुख्यालय पर रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए !
भोपाल। मध्य प्रदेश में पटवारियों की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त निर्देश दिए हैं। राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि पटवारियों को अपने नियुक्ति वाले गांव में ही रहना होगा और मुख्यालय पर रात्रि विश्राम करना अनिवार्य होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पटवारी अपने हल्के और नियुक्ति वाले गांव में रहकर राजस्व संबंधी कामकाज करें। मुख्यालय से बाहर रहकर काम करने की व्यवस्था के बजाय गांव में उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों और आम लोगों को राजस्व संबंधी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े।
गांव में रहकर करना होगा काम
पटवारी ग्रामीण स्तर पर राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। जमीन के रिकॉर्ड, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों के लिए ग्रामीणों को अक्सर पटवारी की जरूरत पड़ती है। ऐसे में मुख्यालय पर उनकी नियमित उपलब्धता से लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नामांतरण और सीमांकन के मामलों में देरी नहीं हो
राजस्व विभाग से जुड़े कई काम सीधे किसानों और जमीन मालिकों को प्रभावित करते हैं। जमीन का नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और मालिकाना हक जैसे मामलों में देरी होने पर लोगों को आर्थिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने इन मामलों का समय पर निराकरण करने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उनका निराकरण मौके पर ही किया जाए। इसके लिए जरूरत के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर और विशेष अभियान भी चलाए जाएं।
राजस्व विभाग में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राजस्व प्रशासन में सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता होनी चाहिए और विभागीय स्तर पर सामने आने वाली कमियों को दूर किया जाना चाहिए।
बैठक में साइबर तहसील व्यवस्था, संपदा पोर्टल के उपयोग और राजस्व विभाग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। तकनीक के उपयोग से राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाने तथा नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं देने पर जोर दिया गया।
लापरवाही पर तय होगी कर्मचारियों की जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने राजस्व कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कामों के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जाए और लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।






0 Comments