मोबाइल कंपनियों का करीब 5 करोड़, बैंक और व्यापारियों का 4 करोड़ फंसा...
7 शोरूम का मालिक सभी शोरूम पर ताले लगाकर रातोंरात हुआ फरार, 9 करोड़ का हिसाब बाकी !
ग्वालियर। राजीव प्लाजा में 4, थाटीपुर में 2 और महाराज बाड़े पर 1 मोबाइल शोरूम संचालित करने वाला व्यापारी अमित हवलानी परिवार सहित रातोंरात गायब हो गया। उस पर मोबाइल कंपनियों का करीब 5 करोड़, बैंक और व्यापारियों का 4 करोड़ बकाया होने का अनुमान है।
अमित ने कर्ज के चलते भागने की तैयारी पहले से कर रखी थी। इसलिए मई में अपनी कार का GPS सिस्टम बंद कर दिया था। उसने भुगतान करने के बजाय सोमवार की रात पत्नी और पिता के साथ गायब हो गया। सुबह व्यापारियों को इसकी जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारियों ने अमित व उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की कार्रवाई का मामला दर्ज करने के लिए इंदरगंज थाने में शिकायत की है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने बताया व्यापारी उनसे मिले थे। इस पर उन्होंने SSP धर्मवीर सिंह से फरार व्यापारी को जल्द पकड़ने की बात कही। चेंबर ने पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव व प्रभारी मंत्री को भी मामले के संबंध में ई-मेल किया। प्रभारी मंत्री प्रकरण के संबंध में एसपी-आईजी से बात की।
उधार के माल पर व्यापारी
थाना प्रभारी दीक्षित तोमर ने बताया राजीव प्लाजा स्थित द मोबाइल प्लस और स्मार्ट जोन के संचालक अमित, उनकी पत्नी कनिका और पिता मोतीलाल का कारोबारियों से लेनदेन था। वे सामान इस शर्त पर लेते थे कि बिल बिकने के बाद माल लौटाएंगे, बिके माल का भुगतान होगा।
दुकान 2.10 करोड़ में बेची
व्यापारियों के मुताबिक, अमित ने 3 माह पहले 1 दुकान 2.10 करोड़ में बेची थी। उसने प्लॉट बेच दिया।
रात 1:30 बजे भरा सामान
शिकायत में बताया कि 23 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे अमित पत्नी और पिता के साथ एसयूवी-700 एमपी 07 जेड 7888 लेकर राजीव प्लाजा पहुंचे। यहां से सामान वाहन में भरकर रवाना हो गए।
इन व्यापारियों ने की शिकायत
शिकायत करने वालों में भारती कम्युनिकेशन, मोहित इंटरप्राइजेज, श्री राधिका एजेंसीज, साई कृपा मोबाइल, गुलाब मोबाइल, अरिहंत इंटरप्राइजेज, आदित्य मार्केटिंग, बजाज फाइनेंस, एचपी टेलीकॉम, नित्या ट्रेडर्स, अग्रवाल मोबाइल और गोस्वामी मोबाइल सहित मनीष शर्मा, आदित्य शर्मा आदि शामिल हैं।






0 Comments