ठगी के इस इस खेल की पूरी कहानी का अंत करते हुए आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है ...
12वीं पास आरोपी फर्जी IAS ने,14 साल तक PMO अफसर के नाम पर ठगे करोड़ों रुपए !
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपालमें फर्जी अफसर बनकर लोगों से मोटी रकम ऐंठने वाले एक आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम रामानुज गुर्जर बताया जा रहा है, जो पढ़ाई के नाम पर महज 12वीं पास है। हैरानी की बात यह है कि वह पिछले करीब 14 साल से पहचान और नाम बदलकर लोगों के सामने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO में तैनात IAS अफसर बताता रहा और इसी रौब के दम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता गया।
नौकरी और टेंडर के नाम पर 14 साल चला ठगी का धंधा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने खुद को बड़ा अधिकारी बताकर वकीलों को नौकरी लगवाने और सरपंचों व बिल्डरों को टेंडर दिलवाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। बताया जा रहा है कि साल 2012 में जयपुर में एक वकील से 5 लाख रुपये हड़पने का मामला भी उससे जुड़ा है, वहीं भोपाल के हबीबगंज थाने में 6 सरपंचों से 12 लाख रुपये की ठगी का केस दर्ज हुआ था। इन्हीं मामलों के चलते वह काफी वक्त तक जेल में भी रहा, लेकिन सजा या जेल का वक्त भी उसे इस रास्ते से नहीं रोक सका।
जेल से बाहर आते ही फिर बिछाया जाल
आरोप है कि जेल से छूटने के बाद उसने एक बार फिर नाम बदलकर ठगी शुरू कर दी और हाल ही में आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा देकर एक फरियादी से 7 लाख रुपये ले लिए। इस मामले में पैसे लेते हुए उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो नगद और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान कथित तौर पर उसके ही ममेरे भाई ने बनाया था। अब इस वीडियो और शिकायतों के आधार पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
10 से ज्यादा थानों में शिकायतें
सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। अलग-अलग शहरों और थानों में फैले इन मामलों की वजह से पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की भी छानबीन कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि उसने और कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है। फिलहाल वह जेल पहुंच चुका है और मामले से जुड़े बाकी पहलुओं पर जांच जारी है।






0 Comments