G News 24 : प्रदेश के एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में कल चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान !

सफाई के साथ जनसमस्याओं के निराकरण पर भी रहेगा जोर...

     प्रदेश के एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में कल चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान !

भोपाल। मध्य प्रदेश में 30 अक्टूबर को एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न संस्थाओं में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश पर विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संस्थागत सुविधाओं के सुधार पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों, जिला एवं परियोजना कार्यालयों, बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में साफ-सफाई, रंग-रोगन, आवश्यक मरम्मत, शौचालयों के सैनिटाइजेशन और पानी की टंकियों की सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके साथ पौधरोपण, जैविक एवं इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन और स्वच्छता जागरूकता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

स्वच्छता के साथ शिकायतों का भी होगा निराकरण

30 अक्टूबर को जनसमस्या निवारण दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा। इस दौरान पोषण सेवाओं और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित शिकायतों के अधिकतम निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि महिलाओं, बच्चों और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

अभियान में बेहतर योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पारदर्शिता और निगरानी के लिए संबंधित संस्थाओं को स्वच्छता कार्यों के पहले और बाद के छायाचित्र लेकर गतिविधियों का विवरण निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments