विशाल वृक्षारोपण अभियान के तीसरे चरण में...
भारत विकास परिषद ने शासकीय स्कूलों में रोपे पौधे !
ग्वालियर। भारत विकास परिषद ग्वालियर महानगर समन्वय द्वारा चलाए जा रहे विशाल वृक्षारोपण अभियान के तीसरे चरण में गुरुवार, 10 सितंबर को 105 पौधों का रोपण किया गया। यह आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मामा का बाजार) और शासकीय माध्यमिक विद्यालय (माधवगंज) के परिसर में संपन्न हुआ।मध्य भारत उत्तर प्रांत के प्रांतीय मीडिया प्रभारी अशोक गर्ग ने बताया कि अभियान के पहले दो चरणों में 350 नीम, पीपल, बरगद और जामुन जैसे छायादार पौधे लगाए जा चुके हैं।
इसी कड़ी में तीसरे चरण के तहत विद्यालयों में अशोक, गुलमोहर, गुलाब, टिकोमा और चंपा सहित 105 फलदार व फूलदार पौधे रोपे गए। इन पौधों की भविष्य में उचित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता समन्वय अध्यक्ष मेघना सिंघल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्राचार्य एम.एल. पवैया और विशेष अतिथि के रूप में प्रांतीय वित्त सचिव रचना गोयल मौजूद रहीं। वन विभाग की ओर से कार्यक्रम प्रभारी मुकेश शर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
परिषद की ओर से अतिथियों को दुपट्टा पहनाकर और साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पुनीत कार्य में ग्वालियर की 10 शाखाओं के 58 पदाधिकारियों, वन विभाग के सहयोगियों, विद्यालय स्टाफ और छात्राओं सहित कुल 96 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के बाद स्वल्पाहार व्यवस्था के लिए 'समर्पण शाखा' और 20 बड़े पौधे उपलब्ध कराने के लिए 'सहयोग शाखा' का आभार व्यक्त किया गया। परिषद ने भविष्य में भी अन्य शासकीय स्कूलों को चुनकर पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता अभियान जारी रखने का लक्ष्य रखा है।




0 Comments