G News 24 : घरेलू हिंसा,दहेज,छेड़छाड़ एवं संपत्ति विवाद सहित विभिन्न मामलों में आयोग ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए !

 राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में 35 प्रकरणों की हुई सुनवाई...

घरेलू हिंसा,दहेज,छेड़छाड़ एवं संपत्ति विवाद सहित विभिन्न मामलों में आयोग ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए !

ग्वालियर। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा ग्वालियर प्रवास के दौरान जिला पंचायत सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 35 प्रकरणों की सुनवाई की गई।

जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज से संबंधित मामले, महिला छेड़छाड़, पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से संबंधित प्रकरण तथा संपत्ति विवाद सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। आयोग द्वारा प्रकरणों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा संबंधित पक्षों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

पुलिस से संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा प्रकरणों के निराकरण में आवश्यक तत्परता बरतने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से वरिष्ठ समन्वयक श्रीमती लीलावती, अपर कलेक्टर श्रीमती आरती तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुजान सिंह रावत, राज्य महिला आयोग के सचिव सुरेश तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप सिंह बघेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं अभिभाषक उपस्थित रहे। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments