PM मोदी की मलेशिया-इथियोपिया के पीएम संग हुई द्विपक्षीय वार्ता...
BRICS शिखर सम्मेलन आज से !
नई दिल्ली। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से नई दिल्ली के भारत मंडपम में दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत होगी। सम्मेलन में कुल 21 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शीर्ष नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन विदेशी नेताओं की मेजबानी करेंगे। सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे इथियोपिया के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे मलेशिया के प्रधानमंत्री, 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और 11:30 बजे वियतनाम के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। वहीं शाम 5:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। उनका विमान दोपहर करीब 12:45 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा को खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब सात साल बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत की यात्रा पर आ रहे हैं, जिसके चलते उनकी यात्रा और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रस्तावित बैठक पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजरें टिकी हुई हैं।
शी जिनपिंग के साथ चीन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है। इसमें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और CPC केंद्रीय समिति के जनरल ऑफिस के निदेशक काई ची तथा CPC केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं।
BRICS सम्मेलन से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों, आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत मंडपम में दोपहर 2 बजे सम्मेलन की शुरुआत होगी, जबकि दोपहर 2:30 बजे पहला सत्र आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस मेगा इवेंट को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।







0 Comments