PG और अन्य इमारतों की बारीकी से जांच के आदेश...
दिल्ली में अनऑथराइज्ड 5th फ्लोर वाली सभी बिल्डिंग होंगी सील, CM का आदेश !
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत के ढहने से 7 लोगों की मौत होने के बाद रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा आदेश जारी किया है. मुख्यमंत्री ने उन सभी इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया है जिनमें बिना मंजूरी के पांचवीं मंजिल बनी हुई है. वहीं सरकार ने सत्य निकेतन हादसे को लेकर एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर समेत कई अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है.
सत्य निकेतन हादसे को लेकर कई अधिकारी सस्पेंड
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया, ''सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की दुखद घटना के बाद MCD के डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. बिल्डिंग के मालिक को गिरफ़्तार कर लिया गया है.''
PG और अन्य इमारतों की बारीकी से जांच के आदेश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि सत्य निकेतन हादसे को सरकार ने बेहद ही गंभीरता से लिया है. आस-पास के PG और इमारतों की भी बारीकी से जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर सीलिंग समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी. जो भी दोषी या जिम्मेदार पाए जाएंगे उन्हें बख़्शा नहीं जाएगा.
हादसे वाली बिल्डिंग के आसपास छात्रों में डर का माहौल!
एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक लड़कों के पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही यह पांच मंजिला इमारत करीब 30 साल पुरानी थी. इस इमारत के ढहने से आस-पास रहने वाले छात्रों में डर का माहौल बना हुआ है. वो अपने आस-पास की इमारतों की सेफ्टी को लेकर अनिश्चितता में हैं.
पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में बिल्डिंग के मालिक समेत अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया था. वहीं, राहत और बचाव अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. दक्षिणी दिल्ली स्थित डीयू परिसर के पास स्थित यह बिल्डिंग रविवार (06 सितंबर) दोपहर करीब डेढ़ बजे मरम्मत कार्य के दौरान भरभराकर ढह गई थी.




0 Comments