काफी समय से इलाके में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है...
वार्ड 18 (आदर्श नगर, पिंटो पार्क) में पानी की टंकी से कम दबाव, निवासी परेशान !
ग्वालियर। नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 18 (आदर्श नगर, पिंटो पार्क) के निवासी पानी की भीषण समस्या से जूझ रहे हैं। अंबिका स्कूल से लगभग 400 मीटर पूर्व दिशा में बसे इलाके के बाशिंदों ने नगर आयुक्त को शिकायत पत्र भेजकर पानी की टंकी से कम दबाव और अनियमित आपूर्ति की समस्या का समाधान करने की मांग की है।
निवासियों के अनुसार, पिछले काफी समय से इलाके में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पानी बहुत ही कम समय के लिए और अत्यंत कम दबाव के साथ आता है। ऊंचाई वाले घरों तक तो पानी पहुंच जाता है, लेकिन निचले इलाके के घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच पाती। दिन में पानी छोड़ने के कारण कई लोग अपनी मोटर बंद नहीं करते और अपनी गाड़ी, चौपाया, घर, मकान, गली धोने का काम करते रहते हैं, जिससे आगे तक पानी नहीं पहुंच पाता।
भीषण गर्मी और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी न मिलने के कारण निवासी आक्रोशित और मानसिक परेशानी में हैं। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा पाना उनका मौलिक अधिकार है।
शिकायतकर्ताओं ने नगर आयुक्त से विनम्र निवेदन किया है कि रात में पानी सप्लाई करने की व्यवस्था की जाए। यदि दिन में ही पानी छोड़ना हो तो संबंधित सब इंजीनियर और वाल्वमैन को निर्देश दें कि टंकी से पानी छोड़ने का समय और दबाव बढ़ाया जाए। साथ ही क्षेत्र का निरीक्षण कर जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू रूप से सुधारा जाए।




0 Comments