G News 24 : ग्वालियर घाटीगांव के ग्राम चैत में 100 बीघा वन भूमि मुक्त कराने पहुंची टीम !

 मशीनों के आगे आकर महिलाओं ने किया विरोध प्रदर्शन ...

ग्वालियर घाटीगांव के ग्राम चैत में  100 बीघा वन भूमि मुक्त कराने पहुंची टीम !

ग्वालियर।  ग्वालियर घाटीगांव के ग्राम चैत में वन विभाग की टीम ने बडी कार्रवाई करते हुए 100 बीघा वन भूमि को मुक्त कराया। सुबह 10 बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम 6 बजे तक चली जिसमें बीच में बंजारा समाज की महिलाओं ने विरोध कर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। महिलाएं बैकहो लोडर मशीन के सामने लेट गई और हंगामा कर दिया। इसके बाद वन विभाग के अफसरों ने पुलिस थाने को सूचनादेकर फोर्स बुलवाया तब जाकर कार्रवाई आगे बढ सकी।

ड्रोन से कार्रवाई की फोटोग्राफी कराई गई

कार्रवाई को रोकने के लिए कई लोगों की सिफारिशें भी वन विभाग के पास पहुंची लेकिन कार्रवाई नहीं रूकी। इसी जमीन पर एक माह पहले कार्रवाई के लिए अमला गया था लेकिन लोगों द्वारा बाधा डालने के कारण कार्रवाई रोकना पडी। पूरी कार्रवाई की ड्रोन से फोटोग्राफी कराई गई। बता दें कि घाटीगांव के चैत गांव में बडे पैमाने पर वन भूमि पर कब्जे की शिकायतें विभाग को मिल रहीं थी। इसको लेकर लंबे समय से रणनीति बनाई जा रही थी लेकिन एक बार भूमि को खाली कराने की योजना बेकार हो गई। पिछले माह वन विभाग की टीम पहुंची थी तो महिलाओं ने विरोध किया जिस कारण अमले को वापस लौटना पडा।

40 लोग व 5 बैकहो लोडर मशीनें पहुंची

वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मिलाकर 40 लोग पहुंचे और पांच बैकहो लोडर मशीनें पहुंची। यह देख मौके पर हडकंप मच गया और लोग जमा होने लगे। वन विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की और मशीनों से गड्ढे खोदना शुरू कर दिए। बता दें कि पूर्व में भी वन विभाग के अधिकारियों की जानकारी में था कि इस जमीन पर कब्जा किया गया लेकिन हटाया नहीं जा रहा था। इस बार बडी कार्ययोजना के साथ् वन विभाग ने काम किया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments