G News 24 : पुरानी रंजिश के चलते युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर !

 डबरा देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सालवई में ...

पुरानी रंजिश के चलते युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर !

डबरा।  डबरा देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सालवई में रविवार दोपहर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद के चलते गांव के ही एक युवक ने पीड़ित पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सालवई निवासी हाकिम सिंह परिहार दोपहर करीब 4 बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही सुरेंद्र कुशवाहा (पुत्र चतुर सिंह कुशवाहा) वहां पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।मारपीट के दौरान आरोपी सुरेंद्र ने तैश में आकर अपने पास रखे अवैध तमंचे से हाकिम सिंह पर गोली चला दी। 

गोली सीधे हाकिम सिंह के पैर में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेंद्र मौके से फरार हो गया।घायल हाकिम सिंह ने तुरंत घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने डायल 112 की मदद से घायल को डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। 

डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हाकिम सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।शुरुआती जांच में विवाद की मुख्य वजह दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा जमीनी विवाद बताया जा रहा है। देहात एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि युवक के पैर में गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments