G News 24 : सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सदभाव के साथ त्योहार मनाएंः कलेक्टर श्रीमती चौहान

 आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न त्योहारों को लेकर,जिला स्तरीय शांति समिति की अपील...

सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सदभाव के साथ त्योहार मनाएंः कलेक्टर श्रीमती चौहान

ग्वालियर। आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील जिला स्तरीय शांति समिति द्वारा की गई है। बैठक गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों के साथ त्योहारों के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निगम आयुक्त संघप्रिय, एडीएम सीबी प्रसाद उपस्थित थे।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि जिले में सभी त्योहारों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने नगर निगम, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 

उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन एवं पुलिस को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।  

Reactions

Post a Comment

0 Comments