राज्य सरकार जल्द ही उनकी जगह नई पदस्थापना के आदेश जारी कर सकती है...
IGश्री सक्सेना हुए सेवानिवृत,अगस्त में सागर आईजी सहित तीन डीजी और एडीजी भी होंगे सेवानिवृत्त
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की तैयारी है। प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग उमाकांत उमराव और ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना शुक्रवार को रिटायर हो गए। दोनों के रिटायरमेंट के बाद राज्य सरकार जल्द ही उनकी जगह नई पदस्थापना के आदेश जारी कर सकती है। उमाकांत उमराव के पास पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की जिम्मेदारी है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह विभाग मंत्री लखन पटेल से वापस लेकर अपने पास रखा था। ऐसे में अब इस विभाग की जिम्मेदारी किसी प्रमुख सचिव या अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी को सौंपी जा सकती है।
अगस्त में तीन डीजी-एडीजी भी होंगे रिटायर
अगस्त के अंत में पुलिस विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी रिटायर होंगे। इनमें डीजी अजय कुमार शर्मा (1989 बैच), डीजी आशुतोष राय (1994 बैच) और एडीजी ए. साईं मनोहर (1995 बैच) शामिल हैं। इनके अलावा आईजी सागर मिथलेश शुक्ला भी अगस्त में रिटायर होंगे। ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना के साथ शुक्रवार को आईपीएस अधिकारी शशिकांत शुक्ला भी रिटायर हो रहे हैं। वहीं, आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा अक्टूबर में रिटायर होंगी।
इस साल रिटायर होंगे ये वरिष्ठ आईएएस अधिकारी
- आशीष श्रीवास्तव (केंद्रीय गृह मंत्रालय) – अक्टूबर
- अरुणा गुप्ता (सचिव, लोकायुक्त) – अक्टूबर
- सुरेश कुमार (चंबल संभाग आयुक्त) – सितंबर
- ललित दाहिमा (सचिव, राजस्व मंडल) – दिसंबर
- चंद्रशेखर वालिम्बे (अपर सचिव, सीएम कार्यालय) – नवंबर
- रवींद्र चौधरी (अपर सचिव, नर्मदा घाटी विकास) – नवंबर
- संजय कुमार मिश्रा (अपर सचिव, आयुष विभाग) – नवंबर
- केदार सिंह (पूर्व कलेक्टर, शहडोल) – नवंबर
- जीएस धुर्वे (अपर कलेक्टर, बालाघाट) – अगस्त
इन वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायर होने के बाद राज्य सरकार को कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां करनी होंगी। इससे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादले और नई जिम्मेदारियां तय होने की संभावना है।



0 Comments