G News 24 : "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास रही, हम और ताकत से लौटेंगे : CM मोहन यादव

 दतिया उपचुनाव के नतीजों के बाद CM मोहन यादव का बयान आया सामने ...

"कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास रही, हम और ताकत से लौटेंगे :  CM मोहन यादव

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को करारी शिकस्त दी है। इस सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट कर युवा नेता आशुतोष तिवारी को दिया गया था। कहा जाता है कि आशुतोष मुख्यमंत्री मोहन यादव की पसंद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और भारतीय जनता पार्टी जनादेश का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा, "जनता ने जो निर्णय किया, उसको शिरोधार्य करते हैं। कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में हमें करीब 1700 वोट अधिक मिले हैं। जनता का हमारे प्रति विश्वास लगातार बना हुआ है।"

CM मोहन यादव बोले कि  "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास रही, हम और ताकत से लौटेंगे। उन्होंने उपचुनाव के नतीजे आने के बाद कहा कि जनता ने जो निर्णय किया, उसको शिरोधार्य करते हैं। आने वाले चुनाव में ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे।

मुख्यमंत्री ने भाजपा की चुनावी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की जीत ऐतिहासिक रही। उनके अनुसार आजादी के बाद पहली बार प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में गईं, जो जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हुए उपचुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा सीट, जो पहले से भाजपा के पास थी, उसे पार्टी ने सफलतापूर्वक बरकरार रखा। वहीं अमरवाड़ा विधानसभा सीट, जो कांग्रेस के कब्जे में थी, उसे भी भाजपा ने जीतकर अपने खाते में जोड़ा। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है और पार्टी लगातार जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "लोकतंत्र में चुनाव इसलिए होते हैं कि सभी राजनीतिक दल अपनी बात जनता के सामने रखें। हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी और जनता ने जो फैसला दिया, उसे हम पूरी विनम्रता से स्वीकार करते हैं। आने वाले चुनाव में हम और अधिक ताकत के साथ उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे।"

दूसरी ओर दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से पराजित किया। यह जीत कांग्रेस के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि भाजपा ने इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया था और पूरे चुनाव अभियान में प्रदेश सरकार के कई मंत्री तथा वरिष्ठ नेता सक्रिय रहे।

दतिया विधानसभा सीट पर यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण कराया गया। दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल 2026 में धोखाधड़ी के एक मामले में उन्हें तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होने पर उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के दिग्गज नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। इस बार भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा की जगह नए चेहरे आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया, लेकिन पार्टी सीट वापस हासिल करने में सफल नहीं हो सकी।

उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा सरकार के अहंकार, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम केवल एक उपचुनाव का नतीजा नहीं बल्कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद है। उनके अनुसार प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया उपचुनाव का परिणाम दोनों दलों के लिए अलग-अलग संदेश लेकर आया है। कांग्रेस के लिए यह जीत मनोबल बढ़ाने वाली है, जबकि भाजपा इसे अपनी व्यापक राजनीतिक स्थिति पर असर डालने वाला परिणाम नहीं मान रही। मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान से भी यही संकेत मिलता है कि पार्टी इस हार को स्थानीय परिस्थितियों से जोड़कर देख रही है और भविष्य की चुनावी रणनीति पर फोकस बनाए रखना चाहती है।

हालांकि आंकड़ों के स्तर पर कांग्रेस ने सीट अपने कब्जे में बरकरार रखी है, लेकिन भाजपा का दावा है कि उसके मत प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री ने चुनाव परिणाम के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश करते हुए कहा कि पार्टी जनता के बीच लगातार काम कर रही है और आगामी चुनावों में पहले से अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments