श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर ...
चित्रगुप्त पीठ से मथुरा में आज 9 अगस्त 2026 को होगा कारसेवा का ऐलान !
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद के बीच आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है, आज 9 अगस्त 2026 को गोवर्धन स्थित चित्रगुप्त पीठ पर प्रस्तावित कारसेवा की औपचारिक घोषणा की जाएगी.
बताते चलें कि इससे पूर्व शुक्रवार देर रात श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए मंगाए गए गुलाबी पत्थरों की पहली खेप चित्रगुप्त पीठ पहुंची. आज सुबह पीठ पर महायज्ञ का आयोजन होगा, इस दौरान प्रथम शिला के पूजन के बाद द्वितीय चरण की कारसेवा का उद्घोष किया जाएगा.
9 अगस्त को मथुरा में कारसेवा की घोषणा
आपको बता दें कि चित्र गुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बीते 4 जुलाई को अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए कारसेवा की घोषणा की थी. स्वामी सच्चिदानंद ने कहा था कि 9 अगस्त को आश्रम से विधिवत कारसेवा की घोषणा होगी, इसके लिए उन्होंने 12 जुलाई को हरिद्वार स्थित वात्सल्य गंगा आश्रम में साध्वी ऋतंभरा से मुलाकात कर समर्थन मांगा था.
कारसेवा के द्वितीय चरण की घोषणा आज
आज 9 अगस्त को सुबह चित्रगुप्त पीठ पर एक विशाल महायज्ञ का शुभारंभ होगा. संतों ने संकल्प लिया है कि यह यज्ञ तब तक चलता रहेगा, जब तक प्रभु श्री कृष्ण अपनी जन्मस्थली पर भव्य रूप से विराजमान नहीं हो जाते. आज ही सर्व प्रथम स्थापित की जाने वाली 'प्रथम शिला' का विधिवत पूजन किया जाएगा. आज पहले चरण की घोषणा—पूजन, भजन और कीर्तन के साथ पूर्ण हो जाएगी. इसके तुरंत बाद, कार सेवा के द्वितीय चरण का औपचारिक उद्घोष किया जाएगा, जो श्री कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन में एक मील का पत्थर साबित होगा.
आपको बता दें कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा विवाद सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है. हालांकि, इस पर समय-समय पर बयान होती रहती है, बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद खुलकर बोलने के लिए कहा था.
शंखनाद से पहले जलाभिषेक का एलान
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए शंखनाद से पहले शनिवार को शाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक का एलान करने की घोषणा पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। अधिकारियों पर राष्ट्रीय हनुमान दल का पत्र आने के बाद अन्य जिलों से भी पुलिस बल को बुलाया गया था। उधर, पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। हालांकि बाद में संगठन ने कार्यक्रम को स्थगित करते हुए सावन माह के बाद कार्यक्रम करने का निर्णय ले लिया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रेड कार्ड नोटिस में पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्तजी महाराज ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं की आड़ में समाज को उत्तेजित करने वाला पोस्टर और ट्वीट वायरल किया गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान एवं उसके आसपास इस प्रकार की किसी भी गतिविधि से दूर रहें। बावजूद इसके ऐसी कोई गतिविधि की जाती है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments