वृंदावन परिक्रमा से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन में पीछे से ट्रक में घुसा...
श्रद्धालुओं से भरी आयशर को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 6 घायल !
भितरवार। वृंदावन स्थित गिर्राज जी की परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी आयशर वाहन शुक्रवार की रात 11 बजे भितरवार थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। भितरवार-करैरा मार्ग पर गोहिंदा के पास सड़क किनारे खड़ी आयशर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से आठ लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार आयशर वाहन में करीब 120 श्रद्धालु सवार थे, जो वृंदावन में गिर्राज जी की परिक्रमा कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में गोहिंदा के समीप वाहन सड़क किनारे रोका गया था, जहां कुछ श्रद्धालु शौचालय एवं अन्य आवश्यक कार्य के लिए नीचे उतर गए थे। इसी दौरान भितरवार की ओर से करैरा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही पूर्वक पीछे से आयशर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शिवदयाल शर्मा एवं भितरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया।
हादसे में जानकारी के अनुसार लखन (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में सुमित्रा (60 वर्ष), सिरनाम केवट निवासी भोती (जिला शिवपुरी), मुस्कान पुत्री राजेश (15 वर्ष) निवासी पिपरोसिया, धनीराम पुत्र निरमा (40 वर्ष) निवासी उदयपुरा, रूपेश पुत्र मनोज बाथम (14 वर्ष) तथा सखी पुत्री विजयराम (60 वर्ष) मनीराम सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।
ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को भी पकड़ लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



0 Comments