प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत अन्य जिलों में स्कूलों की छुट्टी रहेगी...
कांवड़ यात्रा और बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में 4 से 12 अगस्त तक स्कूल बंद !
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कुछ जिलों में गर्मियों की छुट्टियों के बाद अगस्त में एक बार फिर से स्कूल जाने वाले बच्चों को हॉलिडे दिया जा रहा है. अगस्त के महीना शुरू होते ही पहले दिन रविवार के कारण स्कूल बंद रहा था. वहीं, अब एक सप्ताह की और छुट्टी मिलने वाली है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 4 अगस्त से 12 अगस्त तक के बीच स्कूलों को बंद रखने का ऐलान किया गया है. लगातार हो रही वर्षात एवं कांवड़ यात्रा के कारण यूपी में स्कूलों की छुट्टी की घोषणा की गई जो हजारों स्टूडेंट्स के बीच खुशी का माहौल बना रही है. इसके अलावा कुछ अन्य राज्य भी हैं जहां पर कांवड़ यात्रा के अलावा मानसून बारिश के कारण स्कूल बंद रहेंगे.
देश के कुछ राज्यों में लगातार बारिश हो रही है और इस वजह से भी स्थानीय प्रशासन की ओर से स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है. उत्तर प्रदेश के अलावा किन-किन राज्यों में 4 अगस्त को स्कूलों की छुट्टी रहेगी? आइए इसके बारे में जान लेते हैं.
4 से 12 अगस्त: उत्तर प्रदेश में कहां-कहां स्कूल बंद रहेंगे?
हर साल बड़ी संख्या में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर कांवड़िए गुजरते हैं. इसलिए राज्य प्रशासन की ओर से कई जिलों में स्कूलों को कुछ दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है. 12 अगस्त तक कुछ जिलों में सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की गई है. ऐसे में प्राइवेट और सरकारी दोनों स्कूल बंद रहेंगे. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत अन्य जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी रहेगी. छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वो अपने जिले की आधिकारिक सूचना को चेक कर लें और स्कूल की छुट्टी की पुष्टि के लिए स्कूल प्रशासन से संपर्क करें.
कांवड़ यात्रा के समय क्यों बंद किए जाते हैं स्कूल?
दरअसल, कांवड़ यात्रा के समय अलग-अलग राज्यों से यूपी के प्रमुख सड़क मार्गों से लाखों श्रद्धालु गुजरते हैं. ऐसे में कई सड़कों पर वाहनों का रूट भी बदल दिया जाता है और कुछ सड़क या रास्तों को भी पूरी तरह से बंद कर दिया जाता है. ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी हो सकती है. स्कूल बसों का भी रूट बदल जाता है. ऐसे में सरकार की ओर से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ दिनों के लिए स्कूलों की छुट्टी का ऐलान किया जाता है जिससे कोई परेशानी न हो सके.
किन राज्यों में बारिश के कारण स्कूल बंद?
ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने जरूरत के अनुसार स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के संवेदनशील क्षेत्रों में भी तेज बारिश और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया हुआ है. केरल और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी मौसम की स्थिति के अनुसार जिला कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी का ऐलान किया है. मुंबई और गुजरात के भी कुछ इलाके हैं जहां पर भारी बारिश के कारण स्कूल बंद रहेंगे.




0 Comments