G NEWS 24 : भूमि बिक्री के नाम पर 35 लाख की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार !

थाटीपुर पुलिस ने फरार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा...

भूमि बिक्री के नाम पर 35 लाख की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार !

ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना थाटीपुर पुलिस ने भूमि बिक्री के नाम पर करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना थाटीपुर में अपराध क्रमांक 193/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मध्य/यातायात सुजावल जग्गा के निर्देशन और सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान ने पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया था। पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रकरण में फरार आरोपी सतेन्द्र तिवारी मालनपुर स्थित सूर्या फैक्टरी में काम कर रहा है। 

सूचना पर पुलिस टीम ने फैक्टरी पहुंचकर सतेन्द्र तिवारी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया। उसकी निशादेही और मुखबिर की सूचना के आधार पर दूसरे आरोपी गंगाराम गुर्जर को मालनपुर स्थित फायर ब्रिगेड स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। इसी मामले में फरार तीसरे आरोपी जितेन्द्र बघेल की तलाश उसके ग्राम रेवार, सिरोल स्थित निवास पर की गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में अपराध में शामिल होना स्वीकार करने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर प्रकरण के संबंध में उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार फरियादी पियूष शिवहरे और योगेश शिवहरे निवासी शिवहरे कॉलोनी, मुरार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जितेन्द्र बघेल, धर्मवीर बघेल उर्फ राहुल, सतेन्द्र तिवारी और गंगाराम गुर्जर ने आपराधिक षड्यंत्र कर ग्राम अडूपुरा जागीर स्थित खसरा नंबर 163 और 164 की भूमि को वास्तविक भू-स्वामियों की भूमि बताकर उन्हें दिखाई। इसके बाद 12 नवंबर 2025 को कथित रूप से कूटरचित विक्रय अनुबंध तैयार कर भूमि बेचने के नाम पर विभिन्न बैंकिंग एवं डिजिटल माध्यमों तथा नगद के जरिए करीब 35 लाख रुपये प्राप्त किए गए।

बाद में जब फरियादियों ने विक्रय-पत्र निष्पादित कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया तो वे संपर्क से बाहर हो गए। शिकायत के आधार पर थाना थाटीपुर में अपराध क्रमांक 193/26 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में सतेन्द्र तिवारी पुत्र मेघराज तिवारी उम्र 42 वर्ष निवासी समता नगर मालनपुर, गंगाराम गुर्जर पुत्र जगमन सिंह गुर्जर उम्र 55 वर्ष निवासी समता नगर मालनपुर और जितेन्द्र बघेल पुत्र मेवाराम बघेल उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम रेवार, थाना सिरोल, जिला ग्वालियर शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान, सउनि राकेश दुबे, प्रधान आरक्षक नीरज भदकारिया, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बरैया और आरक्षक संजू शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।

Reactions

Post a Comment

0 Comments