G News 24 : देशभर में 32 फर्जी यूनिवर्सिटीज का खुलासा,एडमिशन से पहले छात्र जांच लें पूरी लिस्ट !

 विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की फरवरी 2026 की लिस्ट जारी ...

देशभर में 32 फर्जी यूनिवर्सिटीज का खुलासा,एडमिशन से पहले छात्र जांच लें पूरी लिस्ट !

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की फरवरी 2026 की लिस्ट के अनुसार 32 फर्जी यूनिवर्सिटी का खुलासा हुआ है जिसे लेकर अब सरकार एक्शन मोड में है. आइए जानते हैं कि कैसे स्टूडेंट्स फर्जी कॉलेज या यूनिवर्सिटी की पहचान कर सकते हैं?

हायर एजुकेशन में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है और इसे लेकर सरकार को एक्शन लेने के लिए कहा गया है. देश के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिए गए हैं. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की फरवरी 2026 की लेटेस्ट लिस्ट के आधार पर फर्जी यूनिवर्सिटी को लेकर एक्शन लेने का कदम उठाया गया है.

राज्यसभा में एक लिखित जवाब में शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार द्वारा बताया गया कि देश में चल रही 32 फर्जी यूनिवर्सिटीज को तुरंत बंद किया जाए और उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की जाए. साथ ही ये आदेश दिया गया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए. 

UGC ने 32 फर्जी संस्थानों को स्पष्टीकरण,अनुपालन, कारण बताओ और चेतावनी नोटिस जारी किए...

UGC ने फर्जी विश्वविद्यालयों के खिलाफ कई तरह से कार्रवाई की है. 32 फर्जी संस्थानों को स्पष्टीकरण, अनुपालन, कारण बताओ और चेतावनी नोटिस जारी किए गए है. इसके अलावा फर्जी कॉलेज को लेकर स्टूडेंट्स और अभिभावकों को अलर्ट करने के लिहाज से UGC ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया. इतना ही नहीं, संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वो इन संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करें. जिन 32 फर्जी यूनिवर्सिटी की पहचान हुई है उनके खिलाफ UGC अधिनियम, 1956 के उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी.

केंद्र सरकार ने राज्यों को क्या-क्या निर्देश दिए?

केंद्र सरकार की ओर से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वो फर्जी विश्वविद्यालयों को बंद कराने के लिए तुरंत कानूनी कार्रवाई करें. ऐसी यूनिवर्सिटी जो छात्रों के साथ फर्जीवाड़ा कर रही है और अपने आपको यूनिवर्सिटी बताकर छात्रों को गुमराह कर रही है उन लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाएं जाए. इसके अलावा ये भी कहा गया है कि अगर किसी राज्य में UGC की लिस्ट के अलावा भी कोई अन्य फर्जी विश्वविद्यालय चल रही है तो उसकी जानकारी यूजीसी या केंद्र सरकार को दे सकते हैं.

कैसे करें फर्जी यूनिवर्सिटी की पहचान?

मान्यता जरूर जांचें:- किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने से पहले उसकी वैधानिक और सरकारी मान्यता की जांच जरूर कर लें.

आधिकारिक वेबसाइट का लें सहारा:- कोई यूनिवर्सिटी असली है या फर्जी, ये चेक करने के लिए हमेशा UGC की ऑफिशियल वेबसाइट ugc.ac.in पर उपलब्ध लिस्ट देखें.

बिना मान्यता वाले संस्थानों से बचें:- अगर कोई संस्थान UGC से स्वीकृत नहीं है और फिर भी खुद को विश्वविद्यालय बता रहा है, तो वहां एडमिशन लेने की भूल न करें.

सरकार का मकसद:- फर्जी संस्थानों पर इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य छात्रों के पैसों और भविष्य की रक्षा करना है जिससे देश की उच्च शिक्षा सिस्टम पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे.

Reactions

Post a Comment

0 Comments