लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान पुलिस बल पर हुआ हमला...
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक पर आतंकी हमले पुलिस कांस्टेबल की मौत !
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान पुलिस बल पर आतंकी हमला हुआ है। इस फायरिंग में गंभीर रूप् से घायल हुए पुलिस जवान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी अस्पताल में उपचार के बीच शहीद हो गये है। खुफिया सूत्रों के अनुसार हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी लाल चौक के पास कोकेरनाग जाने वाली सड़क पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक एक गाड़ी में सवार हो कर आये आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
गोली लगने से आशिक हुसैन वहीं गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गये ।हमले के तत्काल बाद साथी जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिये पास क जीएमसी अनंतनाग अस्पताल पहुंचाया गया। आशिक हुसैन की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है। पुलिस प्रशासन की तरफ से नियमों के अनुसार आगे की मेडिको लीगल कार्यवाही की जा रही है।
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गए. सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है। हमलावर आतंकियों की धरपकड़ के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस हमले में शामिल दोषियों को पकड़ लिया जाएगा. घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घटना को लेकर पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और पुलिस महानिरीक्षक वीके बिरदी ने घटनास्थल का दौरा किया और जमीनी स्तर पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया.
1,000 से ज्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (OGWs) को हिरासत में लिया
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को एक आतंकी हमले में पुलिसकर्मी की हत्या के बाद, सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर पूरी घाटी में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू करते हुए 1,000 से ज्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (OGWs) को हिरासत में लिया है.
हेड कॉन्स्टेबल को आतंकियों ने मारी गोली
यह घटना दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर हुई, जब अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन की अनंतनाग शहर के लाल चौक पर आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की ...
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. इस हमले के बाद चल रही अमरनाथ यात्रा के बीच पूरे क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं.
उपराज्यपाल ने जताया शोक
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना को लेकर अपने 'X' अकाउंट पर लिखा,' अनंतनाग में हुए आतंकी हमले के बाद हालात का जायजा लेने के लिए मैंने DGP नलिन प्रभात से बात की. ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.'
उन्होंने आगे लिखा,'देश शहीद के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है. मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं. इस घिनौने काम के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और दोषियों को सजा दिलाएंगे.'



0 Comments