G News 24 : ढाका में भारत का गलत नक्शा दिखाने पर,भारतीय राजनयिक पूजा कुमारी मेजबान को फटकारा !

 बोलीं- जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा...

ढाका में भारत का गलत नक्शा दिखाने पर,भारतीय राजनयिक पूजा कुमारी मेजबान को फटकारा ! 

भारतीय विदेश सेवा अधिकारी और ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग में सेकंड सेक्रेटरी (राजनीतिक और सूचना) के तौर पर तैनात राजनयिक पूजा कुमारी झा की स्पीच का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें उन्होंने बांग्लादेश में विदेश नीति पर आयोजित सेमिनार के दौरान भारत का गलत नक्शा दिखाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया.

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक सेमिनार के दौरान भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर भारत ने कड़ी फटकार लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया है. एक तेज तर्रार भारतीय राजनयिक अधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करने वाले वक्ता तारिक ए करीम को बीच में टोका और दो टूक जवाब देते हुए, उनका सच्चाई से सामना कराया.

दरअसल बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज के एक हालिया कार्यक्रम के दौरान जैसे ही भारत का त्रुटिपूर्ण और गलत नक्शा दिखाया गया, ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग में सेकेंड सेक्रेटरी पूजा कुमारी झा ने तुरंत इस पर कड़ी आपत्ति जताई.

मैटर क्या था?

बांग्लादेश की विदेश नीति से संबंधित एक सेमिनार में दिखाए गए नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था. यह नक्शा बांग्लादेश के पूर्व राजदूत तारिक ए. करीम के संबोधन के दौरान प्रदर्शित किया गया. उस कार्यक्रम के दौरान पूजा कुमारी झा ने हाथ उठाकर कहा, 'यहां प्रदर्शित भारत का नक्शा गलत है. जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है.'तारिक करीम ने कहा, 'यह नक्शा केवल प्रतीकात्मक उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया है और यह वास्तविक सीमाओं को प्रदर्शित नहीं करता.'

हालांकि, पूजा कुमारी झा इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुईं. उन्होंने दोबारा स्पष्ट करते हुए कहा, 'मैं आपकी बात समझती हूं, लेकिन जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और यहां इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है. जो गलत है, उसे तत्काल प्रभाव से हटाया जाना चाहिए.'

भारत करीब 80 साल पुराने स्टैंड पर कायम

भारत लंबे समय से यह स्पष्ट करता रहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. भारत का यह भी स्पष्ट रुख रहा है कि किसी भी देश या मंच पर भारत के नक्शे का गलत चित्रण स्वीकार्य नहीं है. ऐसे मामलों में भारत पहले भी विभिन्न देशों की सरकारों और अंतरराष्ट्रीय मंचों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराता रहा है.फिलहाल, ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस घटना को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है. 

चीन के ट्रैप में फंस गया बांग्लादेश?

बांग्लादेश की निर्वासित प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 10 जुलाई को अपनी वतन वापसी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा, 'अगर मौत आनी ही है, तो बेहतर है मेरे अपने मुल्क में आएं.' यानी उन्होंने अपनी वतन वापसी का ऐलान लगभग कर दिया है. लगभग उसी दौरान बांग्लादेश में चल रहे एक सेमिनार में पाकिस्तान और चीन से गलबहियां कर रहे बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान की विदेश नीति पर चर्चा के लिए आयोजित सत्र में भारत का गलत नक्शा दिखाया गया, तो भारत ने बांग्लादेश को फटकार लगाने में देर नहीं लगाई.

कौन हैं पूजा कुमारी झा, बचपन से फाइटर रही हैं?

पूजा कुमारी झा, 2022 बैच की भारतीय विदेश सेवा में चयनित अधिकारी हैं. फिलहाल वो बांग्लादेश के ढाका स्थित इंडियन हाईकमीशन में सेकंड सेक्रेटरी (पॉलिटिकल एवं इन्फॉर्मेशन) के रूप में तैनात हैं. पूजा ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में पास की और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 82 हासिल कर देशभर में पहचान बनाई.  दिल्ली के बेहद साधारण परिवार से आने वाली पूजा झा की यूपीएससी पास करने की कहानी बेहद प्रेरणादायक है.

दिल्ली की रहने वाली पूजा के 6 भाई-बहन हैं. उनके पिता हाउस हेल्पर और माता गृहिणी हैं. उनका बचपन काफी मुश्किलों से भरा था. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. सेलेक्शन के बाद उन्होंने कहा था कि वो जिस परिवेश से आती हैं, वहां देश की सबसे बड़ी परीक्षा को पास करने का सपना देखना भी मुश्किल होता है.

बकौल पूजा, 'बड़े सपने देखने पर मेरे पिता कहते थे, 'तुम एक्टर, एस्ट्रोनॉमर और आईएएस अफसर बनने के अलावा कुछ भी कर सकती हो.' पिता की बात उन्होंने चुनौती के तौर पर स्वीकारी, फिर  कड़ी मेहनत से अपनी तरक्की का रास्ता बनाते हुए यूपीएससी की परीक्षा पास की. आईएएस बने से चूक गई पूजा को आईएफएस में चयनित हुईं तो उनके परिवार का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था.

Reactions

Post a Comment

0 Comments