G News 24 : दांतों से कार खींचकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकला ये शिव भक्त !

 अनोखी कांवड़ यात्रा...

दांतों से कार खींचकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकला ये शिव भक्त !

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से कांवड़ यात्रा की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. जिले के सिकंदराबाद में एक शिव भक्त अपने दांतों से भगवान शिव की प्रतिमा वाली कार को रस्सी के सहारे खींचते नजर आए. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सड़क पर दांतों में दबी मजबूत रस्सी के सहारे धीरे-धीरे आगे बढ़ती एक भारी-भरकम कार... यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं. बुलंदशहर के सिकंदराबाद की सड़कों पर गुरुवार को आस्था का एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को नतमस्तक कर दिया. अलीगढ़ के छजूपर गांव के रहने वाले शिव भक्त नरेंद्र जाट अपने दांतों से कार को खींचते हुए हरिद्वार से अपने गांव की ओर बढ़ रहे हैं.

शिव भक्ति का खुमार और दिल में श्रद्धा अपार

कार पर विराजमान भगवान शिव की प्रतिमा और नरेंद्र के अटूट संकल्प को देखकर सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ थम गई. 10 जुलाई को शिव भक्त का यह कठिन और हैरतअंगेज सफर हरिद्वार की हर की पैड़ी से शुरू हुआ, जो 10 अगस्त को उनके गांव में पूरा होगा. उनके साथ इस यात्रा में उनके गांव के अन्य पांच शिव भक्त और एक 10 वर्षीय बच्चा भी चल रहा है. इस कार के आगे पंखा लगा है, वह उन्हें गर्मी में राहत पहुंचाने में मदद कर रहा है. नरेंद्र जाट के मुताबिक, उनकी कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, दृढ़ संकल्प और गहरी श्रद्धा का प्रतीक है.

जगह-जगह लोग कर रहे हैं उनका स्वागत

जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त को शिवरात्रि के पावन पर्व पर नरेंद्र जाट इस गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक करेंगे. नरेंद्र जाट ने कार पर हरिद्वार से 11 लीटर गंगाजल की कांवड़ और भगवान शिव की प्रतिमा को स्थापित किया है, जिसे वे अपने दांतों से खींचते हुए गांव की तरफ बढ़ रहे हैं. जहां से वे गुजर रहे हैं, वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो जा रही  है. जगह-जगह लोग उनका स्वागत कर रहे हैं. उनके साथ सेल्फी और रील बना रहे हैं. 

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

कहीं-कहीं रास्ते में श्रद्धालु उन पर फूलों की बारिश कर रहे हैं. उन्हें देखते ही भगवान शिव के जयकारों की गूंज शुरू हो जा रही है. जब यह अनोखी कांवड़ यात्रा हापुड़ पहुंची तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया. भीषण गर्मी और थका देने वाले सफर के बावजूद इस शिव भक्त के चेहरे पर शिकन तक नहीं है. बस सिर पर शिव भक्ति का खुमार और दिल में अटूट श्रद्धा है. वहीं सोशल मीडिया पर भी उनकी तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं. जिस पर लोग उनके संकल्प की सराहना करते दिख रहे हैं.

शिव भक्त ने क्या कहा जानिए?

नरेंद्र जाट का कहना है कि मैं नई पीढ़ी को यह संदेश देना चाहता हूं कि वे कड़ी मेहनत करें और नशे से दूर रहें. मैंने 10 जुलाई को हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की थी और हरिद्वार से मेरे गांव तक की यह यात्रा 300 किलोमीटर की है. मेरे पास 11 लीटर गंगाजल और भगवान शिव की एक मूर्ति है. मैं कुछ ऐसा अनोखा करना चाहता था, जिस पर दुनिया का ध्यान जाए.

Reactions

Post a Comment

0 Comments