ईरान ने साउथ चैनल में UAE के दो टैंकरों पर हमला किया जिसमें एक नाविक की मौत हो गई...
ईरान ने होर्मुज में दो टैंकरों पर किया मिसाइल से हमला,1 भारतीय की मौत, 8 अन्य घायल !
मिडिल ईस्ट एक बार फिर से जंग की आग में जल रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म हो गया है और दोनों देशों ने एक दूसरे के ठिकानों पर दोबारा से हमले शुरू कर दिए हैं। जंग का असर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फिर से पड़ने लगा है। इस बीच ईरान ने होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, ईरान के मिसाइल के हमले में एक भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है।
कैसे हुई भारतीय नागरिक की मौत
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरानी क्रूज मिसाइलों ने उनके जहाजों को निशाना बनाया है। यूएई के मुताबिक ईरान की मिसाइलों ने साउथ चैनल में UAE के दो टैंकरों पर हमला किया जिसमें एक नाविक की मौत हो गई। UAE रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरानी क्रूज मिसाइलों ने ओमान के समुद्री इलाके में दक्षिणी लेन से गुजर रहे 'मोम्बासा' और 'बाहिया' नाम के टैंकरों को निशाना बनाया। इस हमले में मोम्बासा पर मौजूद क्रू के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए जिनमें से चार की हालत गंभीर है। घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।
हमारे पास जवाब देने का अधिकार- UAE
जानकारी के मुताबिक, ईरान के हमले में दोनों टैंकरों में आग लग गई जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को खतरा है। आपको बता दें कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का गार्जियन अब अमेरिका है। उन्होंने ये भी कहा है जहाजों की सुरक्षा के एवज में अमेरिका 20 फीसदी का 'सुरक्षा शुल्क' भी वसूलेगा।
यूएई ने कहा है कि उसके पास इस तनावपूर्ण स्थिति का जवाब देने और अपने इलाके, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का पूरा अधिकार है। ऐसा करते समय वह अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखेगा और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा। रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और देश की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब देने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।


0 Comments