विवाद और हाथापाई के दौरान 18 महीने की पोती को भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया...
थाने के सामने इश्क का खूनी खेल,गर्लफ्रेंड ने प्रेमी की पत्नी का रेता गला !
उज्जैन। उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवती ने थाने के बाहर ही अपने बॉयफ्रेंड की पत्नी पर ब्लेड से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उसके गले में 12 टांके आए हैं।
पुलिस के अनुसार, बजरंग नगर निवासी शुभम प्रजापत शादीशुदा होने के बावजूद एक अन्य युवती के साथ प्रेम संबंध में था। आरोप है कि पिछले कुछ समय से वह युवती शुभम और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। परिजनों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब आरोपी युवती शुभम के घर पहुंच गई। वहां विवाद और हाथापाई के दौरान उसने शुभम की 18 महीने की पोती को भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इससे परेशान होकर पूरा परिवार शिकायत करने पवासा थाने पहुंचा।
महिला की हालत गंभीर
लेकिन आरोपी युवती का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। थाने के ठीक सामने ही उसने शुभम की पत्नी पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत डायल 112 की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के गले पर गहरे घाव आए हैं और उसे करीब 12 टांके लगे हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हुई कार्रवाई
पवासा थाना पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। थाने के सामने दिनदहाड़े हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


0 Comments