G News 24 : केसरपुर-फूलबाग नाले की जमीन की टीएंडसीपी परमिशन रद्द !

 तहसील कोर्ट ने माना था नाला बहाव क्षेत्र प्रभावित...

केसरपुर-फूलबाग नाले की जमीन की टीएंडसीपी परमिशन रद्द !

ग्वालियर। केसरपुर-फूलबाग नाले को चेतकपुरी रोड स्थित कुलदीप नर्सरी के पीछे बाधित करने के मामले में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) ने कार्रवाई करते हुए कंस्ट्रक्शन परमिशन निरस्त कर दी है। विभाग ने गुरुवार को राकेश शर्मा की 2 लाख 39 हजार 259 वर्गफीट तथा अर्जुन कपूर से संबंधित 45 हजार वर्गफीट जमीन की अनुमति रद्द कर दी।

तहसीलदार मनीष जैन की कोर्ट ने 13 मई को आदेश जारी कर कहा था कि संबंधित अनुमतियां गलत तरीके से जारी हुई हैं, इन्हें निरस्त किया जाना चाहिए। इसके बावजूद आदेश लंबे समय तक फाइलों में दबा रहा। मीडिया द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित उठाया गया था, जिसके बाद टीएंडसीपी ने अनुमति निरस्त की। नगर निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। आजादी से पहले बने इस नाले को रानीपुरा के बाद नगर निगम ने बिल्डरों को लाभ पहुंचाने हेतु कई जगह Z शेप में मोड़ दिया। पहले 2.19 करोड़ खर्च कर रोकेश शर्मा के लिए, फिर अर्जुन कपूर को कवर नाले की अनुमति दी।

ललितपुरा मौजे में दो बिल्डर्स के प्रोजेक्ट पर ब्रेक...

1. राकेश शर्मा, परिकल्प रियल्टी एलएलपी हरिशंकरपुरम के प्रोजेक्ट बीएलएस कृष्णा सिटी के लिए ललितपुरा मौजे के सर्वे नंबर 243, 245/1/1/1/2/2, 245/1/2/1, 246/2/2, 247/1/1/3 के रकबे 22236 वर्गमीटर (2 लाख 39 हजार 259 वर्गफीट) जमीन पर निर्माण की परमिशन निरस्त की गई है। यह अनुमति आवासीय प्रोजेक्ट के लिए 1 जुलाई 2025 को दी गई थी।

इन परमिशन की जांच जारी

दीपक संचेती, निवासी संचेती भवन, सराफा बाजार द्वारा ललितपुरा के सर्वे नंबर 245/1/1/1के रकबे करीब 5 हजार वर्गफीट (465.42 वर्गमीटर)जमीन पर आवासीय उपयोग की परमिशन ली है। विद्युत गृह निर्माण समिति के सुरेंद्र सिंह भदौरिया, निवासी विद्युत नगर सिटी सेंटर ने ललितपुर के सर्वे नंबर 245/1 एवं 246/2 के 52 हजार 865 वर्गफीट (4913.07 वर्गमीटर)जमीन पर आवासीय परमिशन ली है। इसके अलावा भदौरिया ने सर्वे नंबर 246/2 की 36,066 वर्गफीट (3357.9 वर्गमीटर)** जमीन पर व्यावसायिक उपयोग की परमिशन भी ली है।

2. अर्जुन कपूर, फ्रेंच कंपनी, नई दिल्ली , ने हाईराइज बिल्डिंग प्रोजेक्ट के लिए अनुमति ली थी। इसके लिए ललितपुरा मौजे के सर्वे नंबर 245/1/1/1/3 के रकबे 0.4180 हेक्टेयर (लगभग 45 हजार वर्गफीट) जमीन पर 10 दिसंबर 2025 को परमिशन मिली थी। इस परमिशन को भी निरस्त कर दिया गया है। राकेश शर्मा एवं अर्जुन कपूर को दी गई परमिशन गुरुवार को निरस्त कर दी गई। तहसील कोर्ट ने उक्त जमीनों को जल संरचना नाले से प्रभावित बताते हुए पत्र भेजा था।

-केशव गवली, संयुक्त संचालक, टीएंडसीपी

Reactions

Post a Comment

0 Comments