स्कूली बच्चों की अपार आईडी बनाने के लिये 30 जून तक चलेगा अभियान ...
ग्वालियर के स्कूलों में शनिवार 13 जून को अपार आईडी दिवस !
ग्वालियर। स्कूली बच्चों की अपार आईडी बनाने के लिये राज्य शिक्षा केन्द्र के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले में भी हर शनिवार को मेगा अपार आईडी दिवस मनाया जायेगा। इसी क्रम में शनिवार 13 जून को जिले के सभी स्कूलों में अपार आईडी दिवस मनेगा। इस दौरान पालकगणों के सहमति पत्र के आधार पर बच्चों की अपार आईडी बनवाई जायेंगीं। साथ ही आधार में त्रुटि, दस्तावेजों में कमी अथवा अन्य तकनीकी कारणों से लंबित अपार आईडी प्रकरणों का निराकरण भी किया जायेगा। पालकगणों से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने बच्चों की अपार आईडी बनवाने की अपील की गई है।
जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि अपार (Automated Permanent Academic Account Registry) आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में सहायक होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी, सीखने के परिणामों के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का भी डिजिटल रूप से संग्रह एवं संरक्षण किया जा सकेगा। इस कार्य के लिए विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।


0 Comments