जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन जारी...
ग्वालियर में अब तक 2.54 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं खरीदी हो चुकी है !
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में 40 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में अब तक 2 हजार 884 पंजीकृत कृषकों से कुल 2 लाख 54 हजार 724 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है।
राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके तहत अब तक 8 हजार 660 किसानों ने अपनी पसंद के उपार्जन केन्द्र एवं तिथि का चयन करते हुए गेहूं विक्रय के लिये स्लॉट बुक किए हैं।
उपार्जन कार्य को मौसम के प्रभाव से सुरक्षित बनाए रखने के लिए समिति प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उनसे कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों को ध्यान में रखकर सभी उपार्जन केन्द्रों पर वर्षा से बचाव के लिये तिरपाल एवं प्लास्टिक कट्टों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही उपार्जित गेहूं को सुरक्षित रूप से वेयरहाउस में भण्डारित कराएं।
इसी क्रम में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बनवार, जो समिति स्तर पर उपार्जन कार्य कर रही है, को किसानों की सुविधा एवं वर्षा से फसल की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए डबरा स्थित शासकीय वेयरहाउस में संलग्न किया गया है। इससे संबंधित उपार्जन केन्द्र को गोदाम स्तर पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी सुविधानुसार तिथि एवं उपार्जन केन्द्र का चयन कर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी गेहूं फसल का विक्रय कर शासन की उपार्जन योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।


0 Comments