11 मई तक आवेदन भरे जा सकेंगे...
युवाओं को “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” के तहत मिलेगा निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण !
ग्वालियर। सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती की तैयारी कर रहे पिछड़ा वर्ग के जिले के युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” एक बेहतर अवसर लेकर आई है। अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 मई से शुरू होगा।
आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट www.bcwelfare.mp.gov.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं या पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, शारदा विहार, ग्वालियर से प्राप्त किए जा सकते हैं। विभाग ने पात्र युवाओं से समय-सीमा में आवेदन कर इस अवसर का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग कल्याण श्रीमती कृति दीक्षित ने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्वालियर जिले के 100 बालक एवं 100 बालिकाओं का चयन कर 45 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण आई.पी.एस. ग्रुप ऑफ कॉलेज, वेला की बावड़ी, ग्वालियर में आयोजित होगा, जिसमें शारीरिक तैयारी के साथ सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कंप्यूटर एवं अंग्रेजी विषयों का समग्र प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को आवास, भोजन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों को 1000 रुपये एवं महिला अभ्यर्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह शिष्यवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
योजना में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 12वीं उत्तीर्ण होना, मध्यप्रदेश का मूल निवासी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग का नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण-पत्र धारक होना आवश्यक है। निर्धारित आयु सीमा एवं शारीरिक मापदंड लागू रहेंगे, जिनमें पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर एवं महिलाओं के लिए 165 सेंटीमीटर तय की गई है।


0 Comments