पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया...
सरपंच ने काम नहीं किया तो दबंगो ने जमकर पीट दिया,फटे कपड़ों में पहुंचे चौकी !
राजगढ़ के सारंगपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नाराज ग्रामीणों ने पड़ाना पंचायत के सरपंच की पिटाई कर दी और उनके कपड़े फाड़ दिए. घटना का वीडियो वायरल हो गया है. जिसमें सरपंच फटे कपड़ों में पुलिस को आपबीती सुनाते नजर आ रहे हैं. आरोप है कि गांव में विकास कार्य नहीं होने से नाराज लोगों ने सरपंच को पकड़कर बुरी तरह पीटा और उनके कपड़े तक फाड़ दिए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो में फटे कपड़ों में दिखे सरपंच
वायरल वीडियो में पड़ाना पंचायत के सरपंच गोकुलप्रसाद दुगारिया फटे कपड़ों में पुलिस चौकी के सामने खड़े होकर फोन पर अपनी आपबीती सुनाते दिखाई दे रहे हैं. वे घटना की जानकारी सारंगपुर पुलिस को देते नजर आ रहे हैं.
श्मशान भूमि के काम को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि श्मशान भूमि में विकास कार्य नहीं होने को लेकर परमार भाइयों से सरपंच की बहस हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई. ग्रामीणों के अनुसार जुझार सिंह और महेंद्र परमार लंबे समय से श्मशान भूमि के विकास की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी.
गांधी चौक पर रोका, फिर की मारपीट
सरपंच की शिकायत के मुताबिक, वह एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी गांधी चौक के पास महेंद्र परमार ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि “तू पंचायत में हमारी नहीं चलने देता” कहकर जातिसूचक गालियां दी गईं और चारों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सारंगपुर पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर आरोपी महेंद्र परमार, जुझार सिंह परमार, धीरज परमार और ब्रज परमार के खिलाफ मारपीट और अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. सारंगपुर थाना प्रभारी आकांक्षा हाड़ा ने बताया कि रात में चौकी पर सूचना मिली थी. इसके बाद सरपंच गोकुल दुगारिया की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.


0 Comments