बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूली बसों की जाँच की लिए विशेष मुहिम जारी ...
परिवहन विभाग की टीम ने की स्कूली बसों की जांच, बीमा व फिटनेस ठीक नहीं होने पर लगाया जुर्माना !
ग्वालियर। नई शिक्षा सत्र के आरंभ से ही ग्वालियर जिले में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूली बसों की जांच के लिए विशेष मुहिम शुरू की गई है। इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली बसों का चैकिंग अभियान चलाया । अभियान के दौरान 5 बसों सहित एक स्कूल वैन का बीमा एवं फिटनेस नहीं होने पर 26500 रुपए का अर्थदण्ड वसूला गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री विक्रम सिंह कंग के निर्देशन में परिवहन विभाग की टीम ने बच्चों को स्कूल ले जाने वाली बसों को रोककर उनकी फिटनेस और अन्य दस्तावेज चैक किए। साथ ही बसों की कंडिशन को देखा, इसके साथ ही बस के अंदर आपातकाल की स्थिति में उपयोग में लाए जाने वाले अग्निशमन यंत्र आदि को चैक किया गया। वाहनों के कागज चैक किए गए, जिसमें 4 बसों का बीमा नहीं मिला, जबकि एक बस का फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं था। इन सभी बसों पर 5-5 हजार रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया। इसके साथ ही एक स्कूल वैन चालक के पास दस्तावेज पूरे नहीं होने पर 1500 रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया।
कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि छात्रों की सुरक्षा को लेकर स्कूल संचालक लापरवाही नहीं बरतें। बच्चों को स्कूल ले जाने वाली सभी बसों में सुरक्षा उपकरण होने चाहिए, अन्यथा उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह कंग ने बताया है कि स्कूली छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


0 Comments