G News 24 : सीजफायर के बीच इजरायल के ताबड़तोड़ हमलों से दहला लेबनान, 254 की मौत !

 ईरान बोला लेबनान पर हमले नहीं रोके गए तो ईरान सीजफायर के समझौते को रद्द कर देगा...

सीजफायर के बीच इजरायल के ताबड़तोड़ हमलों से दहला लेबनान, 254 की मौत !

अमेरिका-ईरान के बीच  युद्ध विराम पर डील भले हो चुकी हो लेकिन अभी भी इजरायल के लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले जारी है. अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर पर भले सहमति बन चुकी हो, लेकिन सीजफायर के बीच भी इजरायल के लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले जारी हैं. अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में 254 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1165 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. हमले में लेबनान के इमाम की भी मौत हुई है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं रहेगा.

अराघची ने दी चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान पर हमले रोकने की चेतावनी दी है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर लेबनान पर हमले नहीं रोके गए तो ईरान सीजफायर के समझौते को रद्द कर देगा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'ईरान-अमेरिका युद्धविराम की शर्तें स्पष्ट हैं, अमेरिका को या तो युद्धविराम चुनना होगा या इजरायल के माध्यम से युद्ध जारी रखना होगा. वह दोनों नहीं चुन सकता.'

ईरान ने होर्मुज को रोका

लेबनान पर इजरायल के ताबड़तोड़ हमले के बाद ईरान ने होर्मुज को लेकर बड़ा फैसला किया है. स्थानीय मीडिया के अनुसार जवाबी कार्रवाई के तहत होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है. दूसरी ओर हिज्बुल्लाह ने भी चेतावनी दी कि अगर सीजफायर में लेबनान को शामिल नहीं किया गया, तो समझौता टूट सकता है. संगठन का कहना है कि अगर इजरायल ने हमले जारी रखे, तो जवाब दिया जाएगा.

बिना परमिशन गुजरने पर तबाह करने की धमकी

ब्रिटिश अखबार द गार्डियन के अनुसार, कई शिपिंग सोर्स के मुताबिक, ईरानी नेवी ने तेहरान की इजाजत के बिना होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को तबाह करने की धमकी दी है, और यह भी कहा है कि पानी के रास्ते से ट्रांजिट बंद रहेगा. मैसेज में कहा गया, 'समुद्र में जाने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को टारगेट करके तबाह कर दिया जाएगा.'

तेल टैंकरों के गुजरने पर लगाई रोक

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान में इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है. फार्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान और यूएस के बीच सीजफायर लागू होने के बाद आज (8 अप्रैल) सुबह दो तेल टैंकरों को स्ट्रेट से गुजरने दिया गया. एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 'लेबनान पर इजरायली हमलों के साथ ही होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों का गुजरना रोक दिया गया है.'

इस बीच इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक वीडियो बयान जारी कर लेबनान पर 'सरप्राइज अटैक' की जानकारी दी. काट्ज ने कहा कि मिलिट्री ने बुधवार को लेबनान में सैकड़ों हिज्बुल्लाह सदस्यों को टारगेट किया. काट्ज ने कहा, 'आईडीएफ ने लेबनान में कमांड सेंटर्स पर सैकड़ों हिज्बुल्लाह लड़ाकों पर सरप्राइज स्ट्राइक किया. ऑपरेशन बीपर्स के बाद हिज्बुल्लाह को यह सबसे बड़ा झटका है.' बीपर्स 2024 का वो पेजर बम हमला था, जिसे इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ अंजाम दिया था.

Reactions

Post a Comment

0 Comments