ग्वालियर जिले की 3,02,867 लाड़ली बहनाओं के खातों में पहुँची 44.80 करोड़ से अधिक धनराशि...
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये !
भोपाल । बेटियों और बहनों के विकास के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। स्वतंत्रता के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार नारी सशक्तिकरण का बड़ा कार्य इसी माह होने जा रहा है। अब लोकसभा और विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संसद की विशेष तीन दिवसीय बैठक 16 अप्रैल से होने जा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हमारी सरकार अब तक लाड़ली बहन योजना के माध्यम से बहनों को 55 हजार करोड़ से अधिक राशि दे चुकी है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को आष्टा से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये अंतरित करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मातृ सत्ता की व्यवस्था है। अब प्रदेश में हर माह रक्षाबंधन मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 35 वीं किश्त की राशि 1836 करोड़ रुपये हितग्राही बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित किये।
महाविद्यालयीन और विद्यालयीन छात्राओं के लिए तीन शिक्षण संस्थाओं में नई सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आष्टा की छात्राओं के लिए आज विशेष सौगात का दिन है। मुख्यमंत्री ने कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास के साथ कन्या विद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों को अच्छे से अच्छी शिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर जिले के आष्टा में आज त्रिवेणी संगम है। आष्टा मां पार्वती नदी की उद्गम स्थली है। यहां के सांदीपनि विद्यालयों में 90 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट स्कूल छोड़कर आए हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों को 4 लाख साइकिलें वितरित कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर बच्चों को स्कूटी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां हैं। अकेले सीहोर में 1 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की दीदियां हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की 65 लाख से अधिक बहनें सशक्त हुई हैं। राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत विवाह के लिए 55 हजार रुपए की राशि दे रही है।
ग्वालियर जिले की 3,02,867 लाड़ली बहनाओं के खातों में पहुँची 44.80 करोड़ से अधिक धनराशि !
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर जिले की 3 लाख 2 हजार 867 लाड़ली बहनाओं के खातों में रविवार को 44 करोड़ 80 लाख 38 हजार रुपए से अधिक धनराशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के माध्यम से ग्वालियर जिले की लाड़ली बहनाओं सहित प्रदेश भर की लगभग 1.25 करोड़ लाड़ली बहनाओं के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 35 वीं किश्त के रूप में कुल 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की। ग्वालियर जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित अन्य स्थानों पर वेबकास्टिंग के जरिए लाड़ली बहनाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन सुना। साथ ही लाड़ली बहना योजना की 35वी किस्त खातों में आने पर अपनी खुशियां साझा कीं। लाड़ली बहनाओं ने इसके लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार भी जताया।

0 Comments