G News 24 : एमपी में बढ़ने लगी गर्मी की रफ्तार,कई जिलों में पारा 38 पार, ग्वालियर-चंबल में ज्यादा असर !

 धार में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज...

एमपी में बढ़ने लगी गर्मी की रफ्तार,कई जिलों में पारा 38 पार, ग्वालियर-चंबल में ज्यादा असर !

भोपाल। इस साल मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म है, जबकि 15 मार्च के बाद मौसम में हल्का बदलाव संभव है। हालांकि असली गर्मी और लू का दौर अप्रैल-मई में देखने को मिल सकता है। मध्यप्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आमतौर पर महीने के दूसरे पखवाड़े में बढ़ने वाली गर्मी इस बार पहले ही हफ्ते में तेज हो गई है। सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में देखा जा रहा है, जहां तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी दिन का पारा लगातार चढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च के बाद गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

धार में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच गया। धार में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सागर में 38.9 डिग्री, रतलाम और नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, खजुराहो में 38.3 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री तथा दमोह और टीकमगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 37.2 डिग्री तक पहुंच गया। उज्जैन में 37 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और भोपाल में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में हवा की दिशा में बदलाव आया है। पहले जहां हवाएं उत्तर-पूर्व से आ रही थीं, वहीं अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर से चल रही हैं। इन हवाओं में नमी कम है और ये राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से होकर मध्यप्रदेश तक पहुंचती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

15 मार्च के बाद मौसम में बदलाव संभव

मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है।मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मार्च में लू चलने की संभावना नहीं है, लेकिन अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ सकती है। इस दौरान 15 से 20 दिनों तक हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने के संकेत हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments