G News 24: मौसम बना आफत,जम्मू-कश्मीर में 21 मार्च तक भारी बर्फबारी का अलर्ट,एवलांच का खतरा !

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी...

मौसम बना आफत,जम्मू-कश्मीर में 21 मार्च तक भारी बर्फबारी का अलर्ट,एवलांच का खतरा !

मार्च का महीना ख़त्म होने वाला है और जम्मू-कश्मीर में मार्च के महीने में घाटी में भारी बर्फबारी हो रही है. तो दिल्ली एनसीआर में भारी बारिस एवं तेज हवाएं चल रही हैं।  मौसम विभाग ने दो से तीन दिनों तक पूरे इलाके में मौसम खराब रहने का अनुमान लगाया है. बर्फबारी के कारण हिमस्खलन और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं. 

कश्मीर और चिनाब घाटी के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई है. मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 20 मार्च तक पूरे इलाके में मौसम खराब बना रहेगा. विभाग के अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है. 

घाटी में बर्फबारी और बारिश

मौसम विभाग के अनुसार गुलमर्ग में 1 फुट ताजी बर्फबारी हुई, जबकि सोनमर्ग में 2 फुट और पहलगाम में 3 इंच ताजी बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटक खुश हैं. बारामूला में 29.5 mm बारिश दर्ज की गई, पुंछ में 29 mm, बटोट में 25.5 mm और पहलगाम में 20.6 mm बारिश हुई. 

20-21 मार्च को कैसे रहेगा मौसम?

मौसम के पूर्वानुमान के बारे में उन्होंने बताया कि 20-21  मार्च को मौसम आम तौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है और ज्यादातर जगहों पर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, चिनाब घाटी और कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है.

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

एक एडवाइजरी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा कि यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और ऊंचे इलाकों या जरूरी दर्रों से गुजरने की योजना बना रहे लोगों को सलाह दी जाती है कि वे उसी हिसाब से अपनी योजना बनाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि आज रात ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिसके साथ बिजली कड़कने और 40-50 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, और कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. उन्होंने किसानों को भी सलाह दी कि वे 21 मार्च से अपने खेती-बाड़ी के काम फिर से शुरू कर सकते हैं.

हिमस्खलन और भूस्खलन से रोड जाम

जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक मुगल रोड पर इस समय भारी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, खासतौर पर पीर की गली इलाके में मौसम ने विकराल रूप ले लिया है. सीमा सड़क संगठन (BRO) की 79 आरसीसी लगातार बर्फ हटाने के काम में जुटी हुई है, लेकिन खराब मौसम के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. पीर की गली से पोशाना तक कई स्थानों पर भारी हिमस्खलन (Avalanche) और भूस्खलन (Landslide) की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे मार्ग पर खतरा बढ़ गया है.

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से की अपील 

इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि वे मुगल रोड पर यात्रा करने से फिलहाल परहेज करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक बर्फ हटाने का कार्य पूरी तरह से पूरा नहीं हो जाता और सड़क सुरक्षित घोषित नहीं की जाती, तब तक इस मार्ग पर आवाजाही से बचना ही सुरक्षित रहेगा. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सहयोग की अपील की गई है. 

Reactions

Post a Comment

0 Comments