दोनों युवक दतिया की ओर से आ रहे थे...
डबरा के बल्ला का डेरा क्षेत्र में तेज रफ्तार आई-20 पलटने से सुमित दुबे समेत 2 युवक घायल !
ग्वालियर। डबरा के बल्ला का डेरा इलाके में एक तेज रफ्तार आई-20 कार बेकाबू होकर पलट गयी। इस घटना में कार सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गये है। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के लिये रेफर किया गया है। कार के एयरबैग खुलने से दोनों की जान बच गयी है। आई-20 कार एमपी07सीके 0911 में गणेश कॉलोनी निवासी दीपेन्द्र और पिछोर के सुमित पुत्र रामबाबू दुबे सवार थे। दोनों युवक दतिया की ओर से आ रहे थे।
बल्ला का डेरा इलाके के पास कार तेज रफ्तार में होने की वजह से चालक उस पर कंट्रोल नहीं रख सका। कार डिवाइडर पर चढ़कर पलटने के बाद सर्विस रोड़ पर जा पहुंची। इसी बीच गाड़ी के एयरबैग खुल गये। एक्सीडेंट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां पर भीड एकत्र हो गयी ।लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला गया। उनके सिरों में चोटें होने की वजह से लोगों ने कपड़ों से उनके सिर को बांधा।
हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि अचानक कोई गाय सामने आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हुई। इस पूरे हादसे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि गाड़ी के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों युवकों की जान बच गई। मामले में डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई है, जिसमें दो युवक घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर भेजा गया है।










0 Comments