ब्रह्मपुत्र नदी पर नीचे से जहाज तो ऊपर से रफ्तार भरेंगी गाड़ियां...
पीएम मोदी आज करेंगे कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन !
असम । कुमार भास्कर वर्मा सेतु गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ेगा। 6 लेन वाला ये पुल न सिर्फ गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि यात्रा में लगने वाला समय भी काफी कम कर देगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम के अपने एक दिवसीय दौरे पर मोरन में आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। ये पिछले तीन महीने में पीएम मोदी का तीसरा असम दौरा होगा। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। प्रधानमंत्री आज भारतीय वायुसेना के C-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वे 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 3000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे।
गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ेगा कुमार भास्कर वर्मा सेतु
कुमार भास्कर वर्मा सेतु गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ेगा। 6 लेन वाला ये पुल न सिर्फ गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि यात्रा में लगने वाला समय भी काफी कम कर देगा। इस पुल से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
ब्रह्मपुत्र नदी पर बना आधुनिक टेक्नोलॉजी वाला ये पुल भूकंप के झटकों को झेल सकता है। इस पुल को बनाने में लगभग 3030 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिसके नीचे से नाव और छोटी शिप का भी आवागमन होगा। विश्व स्तरीय सुरक्षा फीचर्स से लैस ये पुल में हाई परफॉर्मेंस स्टे केबल का भी इस्तेमाल किया गया है, जो न सिर्फ इसे खूबसूरत बनाता है बल्कि लंबी अवधि तक मजबूती प्रदान करने का भी भरोसा देता है।
असम को कई और सौगात देंगे पीएम मोदी
इसके अलावा, पीएम मोदी निकटवर्ती लचित घाट से IIM-गुवाहाटी के अस्थायी परिसर और एआई सक्षम 'हाइपरस्केल डेटा' सेंटर का भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा था कि आईआईएम-गुवाहाटी के उद्घाटन से असम शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाएगा और उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो जाएगा, जिनमें अगली पीढ़ी की जरूरतों को पूरा करने के लिए आईआईटी, आईआईएम, एम्स और अन्य सभी अग्रणी संस्थान होंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लिए 100 ईवी को भी रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखकर असम में सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं।










0 Comments