इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी हमला ...
इजरायली हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत का दावा, कतर में कई मिसाइलें रोकी गईं !
इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी हमला शुरू कर दिया है। ईरान ने इजरायल के अलावा कतर, कुवैत, बहरीन, जोर्डन और यूएई में अमेरिका के सैन्य बेस पर हमला कर दिया है। इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर बहुत बड़ा हवाई हमला किया है। इस हमले में अमेरिका के एफ-22 रैफ्टॉर फाइटर जेट भी शामिल हुए हैं।
एक साथ तेहरान में 30 जगहों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से यह हमला किया गया है। इसके बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट कर दिया गया है। हमले के बाद ट्रंप ने ईरान पर हमले की वजह बताई है। अब ईरान ने भी जवाबी हमला शुरू कर दिया है। ईरान ने इजरायल पर 30 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। यमन और लेबनान से हिजबुल्लाह भी ईरान के साथ जंग में शामिल हो गए हैं।
ईरान ने बहरीन, UAE, कतर, कुवैत समेत क्षेत्रीय देशों में अमेरिकी बेस पर हमला किया
ईरान ने बहरीन में अमेरिका के सैन्य बेस पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। उधर कतर में अमेरिका ने अपने सैन्य ठिकाने को खाली करवा लिया है। इसके साथ ही यूएई में स्थित अमेरिका के नेवल (नौसैनिक) बेस को भी निशाना बनाया है। इसके साथ ही ईरान ने कतर, कुवैत और जोर्डन स्थित अमेरिका के सैन्य बेस पर भी बड़ा जवाबी हमला किया है।
हमले के बाद ट्रंप का पहला बयान, कहा-ईरान को कभी परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे
ईरान पर हमले के बाद ट्रंप का पहला बयान सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान को कभी परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे। 47 साल से हम देखते आ रहे हैं कि उन्होंने बहुत लोगों की हत्या की। अमेरिकी लोगों को भी मारा। ऑपरेशन मिडनाइट हैमर लांच कर दिया गया है। हमने ईरान के फोर्दो, इस्फहान पर हमला किया है। ईरान ने हमारे सारे ऑफर ठुकराये। ईरान पर हमला ही आखिरी विकल्प था। खामेनेई अब हथियार डालें या मौत का सामना करें।
टीवी के जरिए लोगों को संबोधित करेंगे खामेनेई
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई थोड़ी देर में लोगों को संबोधित करने वाले हैं। ईरान की अल-आलम टीवी ने यह जानकारी दी है। खामेनेई के मारे जाने की अफवाह भी सामने आई थी, लेकिन ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
मैं बस लोगों की आजादी चाहता हूं : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे एक सुरक्षित देश चाहिए, और हमें वही मिलेगा। मैं बस लोगों के लिए आजादी चाहता हूं।" ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया है कि दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत के शहर मिनाब में लड़कियों के एक एलिमेंट्री स्कूल पर हुए हमले में 50 से ज्यादा लोग मारे गए। इनमें अधिकतर लड़कियां हैं।
ईरान के दक्षिणी हिस्से में 70 लोगों के मारे जाने की खबर
होर्मोजगन मेडिकल साइंस के मुखिया के अनुसार दक्षिणी ईरान के होर्मोजगन प्रांत में मिनाब और जस्क पर हुए हमलों में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं और 90 से ज्यादा घायल हुए हैं। सेमी-ऑफिशियल फार्स न्यूज एजेंसी ने इस बारे में जानकारी दी है। इससे पहले 50 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई थी। हालांकि, अब तक मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।
भारत ने युद्ध रोकने की अपील की
भारत ने युद्ध रोकने और बातचीत से मुद्दा सुलझाने की अपील की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम से भारत बहुत चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ने से बचने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। तनाव कम करने और अंदरूनी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। इस इलाके में हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सही सलाह जारी करके सतर्क रहने, मिशन के संपर्क में रहने और लोकल सुरक्षा गाइडलाइंस को मानने के लिए कहा है।
चीन ने सीजफायर की अपील की
चीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान-इजरायल युद्ध पर गहरी चिंता जताई है और तुरंत सीजफायर करने की अपील की है। इसने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए और सभी पक्षों से आगे तनाव बढ़ने से बचने और बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की।
तुर्की ने मध्यस्था का प्रस्ताव दिया
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी तनाव को खत्म करने के लिए तुर्की ने मध्यस्था का प्रस्ताव रखा है। तुर्की के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर उकसावे की निंदा की है, जिससे आगे मिलिट्री तनाव बढ़ सकता है। उन्होंने सभी पार्टियों से तुरंत हमले रोकने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बीच-बचाव की कोशिशों में मदद करने के लिए तैयार है।










0 Comments