G News 24 :NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं,पुलिस ने आरोपी को दबोचा !

 डेढ़ करोड़ की 15 लग्जरी गाड़ियां बरामद...

NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं,पुलिस ने आरोपी को दबोचा !

ग्वालियर। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) में किराए पर लग्जरी कार लगाने का झांसा देकर शातिर ठग ने 3 करोड़ से अधिक की 50 वाहन मालिकों से गाड़ियां हड़प लीं। शुरुआत में कुछ महीनों तक किराया देने के बाद आरोपी सभी गाड़ियां लेकर फरार हो गया और बाद में इन्हें गिरवी रखकर लाखों रुपये हजम कर गया। जब वाहन मालिकों को न किराया मिला और न ही गाड़ियां लौटी तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर डेढ़ करोड़ की 15 गाड़ियां बरामद कर ली हैं। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।

दरअसल ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ठगी का मास्टरमाइंड अभय सिंह भदौरिया, निवासी मानहड़, जिला भिंड है जो वर्तमान में ग्वालियर में रह रहा था। उसने करीब पांच महीने पहले इस ठगी की योजना बनाई। आरोपी अभय ने लग्जरी कार मालिकों को यह कहकर अपने जाल में फंसाया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया में गाड़ियों की जरूरत है और भोपाल की एक बड़ी कंपनी को ठेका मिला हुआ है। इसमें उसकी सीधी पहुंच है। उसने सात सीटर गाड़ियों के लिए 50 हजार रुपए और पांच सीटर गाड़ियों के लिए 40 हजार रुपए प्रतिमाह किराया दिलाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियां सौंप दीं।

आरोपी ने भरोसा बढ़ाने के लिए एफिडेविट भी बनवाए और शुरुआत में दो-तीन महीने तक किराया भी देता रहा। इसके बाद वह करीब 50 गाड़ियां लेकर फरार हो गया। जब वाहन मालिकों को किराया और गाड़ी वापस नहीं मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत क्राइम ब्रांच थाने में की। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की तो पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ठगी गई गाड़ियों को बेचने की कोशिश की। उसने चाल बदल दी। अभय सिंह ने इन गाड़ियों को गिरवी रखकर रकम हासिल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अभय को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा करते हुए 39 गाड़ियों की हेरफेर करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से डेढ़ करोड़ की 15 गाड़ियां बरामद कर ली हैं। वहीं शेष गाड़ियों को लेकर आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले में दो आरोपियों के नाम सामने आए हैं और यहां एक बड़ा गैंग भी हो सकता है। जिसे लेकर जल्द ही खुलासा करेंगे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments