26 में से 10 मंत्री राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं...
नीतीश कैबिनेट में परिवारवाद का बोलबाला,बिना चुनाव लड़े बना मंत्री...किसी को विरासत का फायदा,
नई दिल्ली।नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उनके साथ एनडीए गठबंधन के सहयोगी दलों के 26 सदस्यों ने भी शपथ ली है। शपथ समारोह के बाद से नीतीश सरकार का नया मंत्रिमंडल चर्चाओं में है। वजह बिहार सरकार के नए मंत्रिमंडल में परिवारवाद देखने को मिला। परिवारवादी मंत्रियों की सूची में भाजपा, जदयू, हम (हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा) और रालोमो (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) के नेता शामिल हैं। 26 में से 10 मंत्री राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं।
बिना चुनाव लड़े कुशवाहा के बेटे बने मंत्री !
गुरुवार को पटना में हुए नीतीश सरकार के शपथ ग्रहण मंच पर उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने मंत्री पद की शपथ ली। दूसरी ओर, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे को भी दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया। इन दोनों के शपथ लेने के बाद परिवारवाद को लेकर नई बहस छिड़ गई है। नई कैबिनेट में 10 मंत्रियों का राजनीति से संबंध है। किसी को अपने पिता की विरासत मिली तो कोई अपने पति की राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते मंत्री पद तक पहुंचा। बता दें कि बिहार चुनाव में एनडीए के चुनकर आए 29 विधायक ऐसे हैं जिनकी पृष्ठभूमि परिवारवाद की राजनीति की ही है। इनमें 11 विधायक भाजपा के और 11 ही विधायक जदयू के भी हैं।
नीतीश की नई कैबिनट में दिखा परिवारवाद !
राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले नेताओं में सम्राट चौधरी, विजय चौधरी, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, रमा निषाद, नितिन नबीन, श्रेयसी सिंह और संतोष सुमन जैसे कई नेता शामिल हैं। उपेंद्र कुशवाहा पहले ही राज्यसभा सदस्य हैं और उनकी पत्नी सासाराम से विधायक हैं। अब बेटे दीपक प्रकाश को भी बिना चुनाव लड़ाए मंत्री बना दिया गया है। जल्द ही एमएलसी बनाया जाएगा। मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन की फिर से मंत्री के रूप में वापसी हुई है।
राजद ने बिहार की नई कैबिनेट पर कसा तंज
राजद ने नई कैबिनेट पर निशाना साधते हुए एक्स पर नीतीश कैबिनेट के ऐसे मंत्रियों को सूची जारी की है। जो राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। राजद ने एक्स पर लिखा...
- 𝟏.मैं पूर्व मुख्यमंत्री व गया से सांसद और वर्तमान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का पुत्र, वर्तमान विधायक ज्योति मांझी का दामाद और वर्तमान विधायक दीपा मांझी का पति संतोष सुमन मांझी!
- 𝟐.मैं पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी और पूर्व विधायक स्व॰ श्रीमती पार्वती देवी का उपमुख्यमंत्री पुत्र सम्राट चौधरी!
- 𝟑.मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री, वर्तमान राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा और वर्तमान विधायक श्रीमती स्नेहलता का पुत्र दीपक प्रकाश
- 𝟒.मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री श्रेयसी सिंह।
- 𝟓.मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन जय नारायण निषाद की पुत्रवधु और पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद।
- 𝟔.मैं पूर्व विधायक जगदीश प्रसाद चौधरी का पुत्र विजय चौधरी।
- 𝟕. मैं पूर्व मंत्री महावीर चौधरी का पुत्र और समस्तीपुर की वर्तमान सांसद शांभवी चौधरी का पिता अशोक चौधरी।
- 𝟖.मैं पूर्व विधायक नवीन किशोर सिन्हा का पुत्र नितिन नबीन.
- 𝟗.मैं पूर्व मंत्री चन्द्रिका राम का पुत्र और पूर्व विधायक अनिल कुमार का भाई सुनील कुमार!
- 𝟏𝟎.मैं समता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष स्व॰ भूटन सिंह की पत्नी लेसी सिंह।
ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं परिवारवाद के घोर विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के विशेष स्नेह एवं आशीर्वाद से बिहार की राजनीति से परिवारवाद को समाप्त करके एक नए बिहार का निर्माण करूंगा।










0 Comments