बीते 8 वर्षों में कुल 234 खतरनाक अपराधी पुलिस के साथ एनकाउंटर में कर दिए ढ़ेर !
UP पुलिस ने बीते 8 वर्षों का जारी किया,एनकाउंटरों को लेकर महत्वपूर्ण डेटा !
वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही पुलिस एनकाउंटर के मामलों में तेजी देखने को मिली है। पुलिस एनकाउंटर में राज्य के कई खतरनाक अपराधी ढ़ेर कर दिए गए और बड़ी संख्या में अपराधी घायल भी हुए हैं। अब उत्तर प्रदेश पुलिस ने एनकाउंटरों को लेकर महत्वपूर्ण डेटा को शेयर किया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीते 8 वर्षों में कुल 234 खतरनाक अपराधी पुलिस के साथ एनकाउंटर में ढ़ेर कर दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण की ओर से जारी किए गए डेटा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीते 8 वर्षों में 234 दुर्दांत अपराधी एनकाउंटर में मारे गए हैं। वहीं, पुलिस के साथ एनकाउंटर में 9,202 अपराधी घायल हुए हैं। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है।
बीते 8 साल में एनकाउंटर की 14,741 घटनाएं हुई हैं। कुल 30,293 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर के दौरान अपराधियों से मुकाबला करते हुए 18 पुलिसकर्मियों की मौत भी हो गई है। इस दौरान 1,700 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
दी गई जानकारी के मुताबिक, एनकाउंटर के मामला में मेरठ जोन पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर रहा है। पुलिस ने यहां एनकाउंटर की 4,183 कार्रवाई की। इनमें 7,871 अपराधी पकड़े गए और 2,839 अपराधी घायल हुए। एनकाउंटर में 77 कुख्यात अपराधियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान 2 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 452 पुलिसकर्मी घायल हुए।
एनकाउंटर के मामले में दूसरे नंबर पर वाराणसी जोन है। यहां एनकाउंटर की 1,041 घटनाएं हुई हैं। इनमें 2,009 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एनकाउंटर के दौरान 26 अपराधियों को मार गिराया गया और 605 अपराधी घायल हो गए। एनकाउंटर के दौरान 96 पुलिसकर्मी घायल हुए।
जारी किए गए डेटा के मुताबिक, एनकाउंटर के मामले में तीसरे नंबर पर आगरा जोन रहा। यहां एनकाउंटर की 2,288 घटनाएं हुई हैं। इन एनकाउंटरों में 5,496 अपराधियों को पकड़ा गया है। इस दौरान 715 अपराधी घायल हो गए और 19 अपराधी ढेर कर दिए गए। एनकाउंटर के दौरान 56 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
0 Comments