G.NEWS 24 : जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर साफ पानी उपलब्ध कराया जाए : निगमायुक्त

पानी की समस्या को हल करने किया निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश...

जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर साफ पानी उपलब्ध कराया जाए : निगमायुक्त

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने शहर की सफाई व्यवस्था जांचने के लिए कंट्रोल कमांड सेंटर से सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गोपाचल पर्वत, गैंडेवाली सड़क, अमेठी यूनिवर्सिटी और दीनदयाल नगर क्षेत्र में भी विभिन्न समस्याओं को लेकर निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने कंट्रोल कमांड सेंटर से शहर में कचरा कलेक्शन कर रहे सभी वाहनों की मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्हें कुछ गाड़ियां अपने पॉइंट पर खड़ी दिखी तो उन्होंने तत्काल ड्राइवर से बात कर खड़े होने का कारण पूछा। 

साथ ही तेज गति से सफाई करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने गोपाचल पर्वत पर रात में लगी आग वाली जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण यंत्री डॉ. अतिवल सिंह यादव, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज शर्मा और डॉ. वैभव श्रीवास्तव मौजूद थे। इसके बाद पानी की समस्या को लेकर निगमायुक्त श्री सिंह ने गेंडेवाली सड़क का निरीक्षण किया।  वहां पर उन्होंने पानी की समस्या को लेकर आम जनों से चर्चा की। 

इस दौरान उन्होंने सहायक यंत्री राम सेवक शाक्य, लल्लन सेंगर, सब इंजीनियर विष्णु पाल, जगदीश सेन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पानी लीकेज की समस्याओं को तत्काल दूर किया जाए। जहां भी गंदे पानी की समस्या मिले उसे तत्काल ठीक कर लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने अमेठी पहाड़ी पर बनी पानी की टंकी का निरीक्षण किया। 

अमेठी पहाड़ी पर आदित्यपुरम महाराजपुरा इत्यादि क्षेत्रों में सप्लाई करने के लिए 6 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का निर्माण किया गया है। वहां पर पानी की टंकी से सप्लाई को लेकर उन्होंने उपायुक्त एपीएस चौहान को दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने दीनदयाल नगर में पार्कों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य अधिकारियों को उनमें पर्याप्त सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद तत्काल वहां पर सफाई कर दी गई।

Comments