G News 24 : दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की आज महारैली !

मंच पर शरद पवार-राहुल गांधी समेत कई दिग्गज...

 दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की आज महारैली !

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की रामलीला मैदान में आज महारैली होने जा रही है। इसके मद्देनजर शनिवार को दिनभर रामलीला मैदान में रैली को लेकर चहल-कदमी देखने को मिली। तैयारियों का जायजा लेने दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय व विधायक दिलीप पांडेय समेत दूसरे नेता भी पहुंचे। महारैली में इंडिया गठबंधन का नारा 'तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' है। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की चिंता यह है कि वह (सत्ता से) जा रही है। यह एक नया अविष्कार है कि ईडी, सीबीआई और आईटी को तैनात किया गया है और चंदा जुटाया गया है। भाजपा जितना झूठ पूरे ब्रह्मांड में किसी ने नहीं बोला। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया में भाजपा की आलोचना हो रही है।

भाजपा की केंद्र सरकार तानाशाही पर उतारु: गोपाल राय

'INDIA' गठबंधन की 'महारैली' पर दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता गोपाल राय ने कहा, "...भाजपा की केंद्र सरकार तानाशाही पर उतारु है। पूरा देश आज इस रामलीला मैदान में इस तानाशाही हटाने के लिए, लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हो रहा है। जिस तरह से दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है, ये संदेश देना है कि ये तानाशाही हमें बर्दाश्त नहीं है... भाजपा को आज INDIA गठबंधन की एकता से डर लग रहा है। भाजपा आज इसी डर की भाषा बोल रही है।"

सारे INDIA गठबंधन के नेताओं का धन्यावाद: सौरभ भारद्वाज

INDIA गठबंधन की 'महारैली' पर दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "...हम हाथ जोड़कर सारे INDIA गठबंधन के नेताओं का धन्यावाद करेंगे कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरोध में सारा हिंदुस्तान यहां एकत्रित हो रहा है... बड़े-बड़े नेता चाहें सीताराम येचुरी हों, डी. राजा हों, सोनिया गांधी हों, प्रियंका गांधी हों, राहुल गांधी हों, शरद पवार हों, उद्धव ठाकरे हों, आदित्य ठाकरे हों, अखिलेश यादव हों, तेजस्वी यादव हों, सभी लोग यहां पर आ रहे हैं... पूरे देश में बड़ा संदेश जाने वाला है।"

भाजपा यानी 'भ्रष्ट जनता पार्टी': उद्धव

INDIA ब्लॉक की 'महारैली' से पहले भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "वो(भाजपा) परिवार का मतलब ही नहीं समझे। मेरा परिवार कहने से कुछ नहीं होता है, परिवार की जिम्मेदारी लेनी होती है... आपके परिवार में सिर्फ कुर्सी और आप हैं। अब उनके पास कोई और विषय नहीं रह गए हैं... जब से चुनावी बांड का मामला सामने आया है उनका असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। भाजपा यानी 'भ्रष्ट जनता पार्टी'... "

रैली पूरे देश में एक बड़ा संदेश देने जा रही है: डी राजा

CPI के महासचिव डी राजा ने कहा, "आज की रैली बहुत ही महत्वपूर्ण रैली है... यह रैली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हो रही है। इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री को पद छोड़ना पड़ा, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अब मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है... सभी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा रहा है... इसलिए आज की रैली को 'लोकतंत्र बचाओ' रैली कहा गया है... यह रैली पूरे देश में एक बड़ा संदेश देने जा रही है..."

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर से लोग आ गए हैं: आतिशी

आज रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली पर AAP मंत्री आतिशी ने कहा, "सुबह के 10 बजे हैं और लोग पहले से ही बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर से लोग आ गए हैं। दिल्ली की जनता जानती है कि अरविंद केजरीवाल ने उनकी जिंदगी बदल दी है... वे गिरफ्तार हैं, फिर भी उन्हें दिल्ली की चिंता है और उनके लिए संदेश भेज रहे हैं..."

यह 'परिवार बचाओ, भ्रष्टाचार छुपाओ' रैली: सुधांशु त्रिवेदी

विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की रैली पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह 'लोकतंत्र बचाओ' रैली नहीं है, बल्कि असल में यह 'परिवार बचाओ, भ्रष्टाचार छुपाओ' रैली है। उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज सभी राम विरोधी रामलीला मैदान में एकत्र हो रहे हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज यह कहा जा सकता है कि ये सभी पार्टियां जो राम मंदिर के विरोधी थीं, जिन्होंने हिंदू धर्म के सामूहिक विनाश जैसे संकल्प लिए, अपने पुराने अपराधों को छुपाने के लिए कई हिंदू धर्म के देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, वे अपने भ्रष्टाचार के पुराने अपराधों को छिपाने के लिए रामलीला मैदान में इकट्ठा हो रहे हैं। मुझे लगता है कि अगर इसे एक शब्द में कहा जा सकता है, तो हिंदी में एक कहावत है, 'चोरी' ऊपर से सीनाजोरी...।

यह 'भ्रष्टाचार बचाओ आंदोलन': भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने 'महारैली' को लेकर विपक्षी गठबंधन इंडिया की आलोचना की। पूनावाला ने शनिवार को कहा कि यह रैली क्या है? यह कुछ और नहीं, बल्कि 'भ्रष्टाचार बचाओ आंदोलन' है, जिसका नारा हो सकता है 'करेंगे हम भ्रष्टाचार, कहेंगे इसको शिष्टाचार, जब जांच होगी तो हम चिल्लाएंगे अत्याचार, अत्याचार।'

भाजपा ने रैली को कही यह बात

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि आज दिल्ली में हो रही INDI गठबंधन की रैली कोई राजनीतिक सभा नहीं है, बल्कि 'अलीबाबा और चालीस चोर' का जमावड़ा है।  इसका एकमात्र उद्देश्य है कि भ्रष्टाचार कैसे किया जाए और भारत को कैसे लूटा जाए। इसकी रणनीति तैयार करने के लिए यह रैली की जा रही है। रैली में कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस जो शराब घोटाले में शिकायतकर्ता है और केजरीवाल की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ जांच की मांग कर रही है। आज उनकी गिरफ्तारी पर आपत्ति जताते हुए रैली कैसे कर रही है? लालू प्रसाद यादव को भ्रष्ट कहने वाले केजरीवाल की पार्टी अब राजद के साथ मंच साझा करने जा रही है। यह आम आदमी पार्टी की राजनीतिक हताशा दर्शाती है। जिस कांग्रेस को आम आदमी पार्टी रोज भ्रष्ट कहती थी, उसके साथ मंच साझा कर रही है। 2024 का मतदाता यह देख रहा है। वह गोंद जो इस भारत को एकजुट रखता है वह भ्रष्टाचारियों के प्रति प्रेम है।

आज दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की महारैली

रामलीला मैदान में आज होने वाली महारैली को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार, बाराखंभा रोड से गुरुनानक चौक तक रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड से गोलचक्कर कमला मार्केट तक विवेकानंद मार्ग, हमदर्द चौक, दिल्ली गेट से गुरुनानक चौक तक जेएलएन मार्ग पर यातायात की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित भी किया जा सकता है। अजमेरी गेट, कमला मार्केट के चारों ओर से गुरुनानक चौक और वीआईपी गेट के पास चमन लाल मार्ग, गुरुनानक चौक से तुर्कमान गेट तक भी यही स्थिति रहेगी। यह एडवाइजरी सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक लागू रहेगी। राजघाट चौक, मिंटो रोड, डीडीयू मार्ग, मिरार्ड चौक, पहाड़गंज चौक, ए-प्वाइंट और दिल्ली गेट पर सुबह से डायवर्जन रहेगा। अंतरराज्यीय बस अड्डा, रेलवे स्टेशन या हवाई अड्डे की ओर जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। 

लोगों को ये पसंद नहीं आया कि एक सीएम को जेल हो: आप

आज रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली पर AAP मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''हम दिल्ली की सड़कों पर निकले और हमने देखा कि लोगों में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुस्सा है। लोगों को ये पसंद नहीं आया कि एक सीएम को जेल हो। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ महारैली का आयोजन किया जा रहा है... INDIA गठबंधन की सभी पार्टियां और उनके नेता इसमें हिस्सा लेंगे। देश में एक बड़ा संदेश जाएगा और यह भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती होगी...''

अन्नामलाई ने कांग्रेस नेता कृष्णासामी से मुलाकात की

तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और कोयंबटूर से पार्टी के उम्मीदवार के अन्नामलाई ने तंजावुर दक्षिण जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णासामी वंदैयार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अन्नामलाई ने कहा कि कृष्णासामी वंदैयार का परिवार पारंपरिक है। वह कांग्रेस पार्टी में वरिष्ठ जिला नेता हैं। उनके परिवार का तमिलनाडु में नाम है। यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी।

सुनीता केजरीवाल भी होंगी शामिल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की रैली में शामिल होंगी।

 कल्पना सोरेन भी रैली में शामिल होंगी

‘आप’ के वरिष्ठ नेता नेता गोपाल राय ने शुक्रवार को बताया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में रविवार को रामलीला मैदान में 20,000 से अधिक लोगों की मौजूदगी वाली रैली आयोजित करने के लिए प्रशासन की अनुमति मिल गई है। राय का कहना था कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ‘महारैली’ को संबोधित करेंगी या नहीं, इस पर फैसला बाद में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन, द्रमुक नेता तिरूचि शिवा, नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी रैली में शामिल होंगे। आप नेता ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली में शामिल होंगी। सोरेन फिलहाल जेल में हैं।

खरगे-राहुल समेत कई नेता भरेंगे हुंकार

रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव, आरजेडी से तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सीपीआई से डी राजा, टीएमसी से डेरेक ओ ब्रायन, सीपीआई-एम से सीता राम येचुरी व पीडीपी से महबूबा मुफ्ती समेत कई अन्य विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हो सकते हैं। इसमें वह विपक्षी दल के नेताओं की गिरफ्तारी व केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों के साथ आवाज बुलंद करेंगे।

Comments