G.NEWS 24 : ग्वालियर चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा श्योपुर से होगी प्रारंभ

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे शुभारंभ...

ग्वालियर चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा श्योपुर से होगी प्रारंभ 

श्योपुर। श्योपुर से 5 सितंबर को प्रारंभ होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारी पूर्ण हो गई हैं। वहीं श्योपुर की जनता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए पलक पांवड़े बिछाकर तैयार है। यह जन आशीर्वाद यात्रा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा की हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि श्योपुर देखने में और कहने में बहुत  छोटा जिला लगता है लेकिन पिछले दिनों इसी श्योपुर में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आगमन हुआ और अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी आगमन हो रहा है यह श्योपुरवासियों के लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। 

उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित अनेक केंद्रीय नेतागण भी पधारने वाले हैं। उन्होंने जन आशीर्वाद यात्राओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 3 सितंबर को सतना जिले के चित्रकूट से यह यात्रा क्रमांक एक आरंभ हुई, 4 सितंबर सोमवार को नीमच से जन आशीर्वाद यात्रा क्रमांक-2 प्रारंभ हुई। उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को श्योपुर से प्रारंभ होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह होंगे। उन्होंने कहा कि यह जन आशीर्वाद यात्रा 10 हजार किलोमीटर से अधिक में भ्रमण करेगी। वहीं 200 से अधिक बड़ी सभाएं होंगी इसके अलावा हजारों की तादाद में स्वागत के कार्यक्रम आयोजित होंगे। 

उन्होंने कहा कि श्योपुर बड़ोदा से प्रारंभ होने वाली यह यात्रा 11 जिलों, 5 लोकसभा क्षेत्र 43 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। जिसमें ग्वालियर चंबल संभाग के अलावा विदिशा, रायसेन आदि जिले शामिल है। यह यात्रा 2034 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस यात्रा का 262 स्थानों पर स्वागत होगा, 55 रथ सभाएं, 16 रोड शो तथा 48 आमसभाएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि यह जन आशीर्वाद यात्रा श्योपुर से विजयपुर, सबलगढ़, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, रायसेन, विदिशा होते हुए भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सभी पांचों यात्राओं का समापन 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय जन्मजयंती पर जम्बूरी मैदान भोपाल में होगा। इस कार्यकर्ता महाकुंभ को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।

श्योपुर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री श्री तोमर का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के मकसद से एक साथ पांच स्थानों से आशीर्वाद निकाल रही है। इसी क्रम में कल 5 सितंबर को ग्वालियर चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ श्योपुर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इस यात्रा की तैयारी और व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर विशेष हेलीकाप्टर से श्योपुर पहुंचे जहां पर उन्होंने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से अवलोकन और निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्योपुर कलेक्टर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री तोमर ने बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

इस दौरान श्री तोमर ने जानी आशीर्वाद यात्रा के लिए बना रथ का भी अवलोकन किया। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री  नरेंद्र सिंह तोमर आज विशेष हेलीकाप्टर से श्योपुर पहुंचे जहां बने विशेष हेलीपैड पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जाट, दुर्गा लाल विजय, जिला संयोजक कैलाश नारायण गुप्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति, प्रदेश मीडिया विभाग के बृजराज सिंह, पूर्व अध्यक्ष दौलत राम गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल आचार्य, विजयपुर विधायक सीताराम आदिवासी, रामलखन नापाखेड़ली, महामंत्री शशांक भूषण सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने श्री तोमर का फूल माला पहनकर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

Comments