प्रदेश की 1.31 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में पहुँचाई धनराशि...
हमारा संकल्प है कि हम बहनों को मजबूर नहीं रहने देंगे : CM शिवराज
ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “लाड़ली बहना योजना” केवल योजना भर नहीं यह महिलाओं की जिंदगी बदलने का आंदोलन है। यह योजना महिलाओं की जिंदगी में खुशी भरने और उनकी आँखों में आँसू न रहने देने का भी आंदोलन है। हमारा संकल्प है कि हम बहनों को मजबूर नहीं रहने देंगे। सरकार उनकी जरूरतें पूरी करेगी और प्रदेश की सभी बहनें मजबूत बनेंगीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान संगीत की नगरी ग्वालियर में आयोजित हुए प्रदेश स्तरीय मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में बड़ी संख्या में मौजूद महिला शक्ति को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भर की बहनों के खातों में धनराशि पहुँचाई तो महिलाओं ने अपने शिवराज भैया की नजर उतारी। ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर के फूलबाग मैदान पर आयोजित हुए इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना के तहत 1269 करोड़ 7 लाख रूपए से अधिक धनराशि अंतरित की। साथ ही रिमोट का बटन दबाकर लगभग 387 करोड़ रूपए लागत के दो दर्जन कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।
उन्होंने ग्वालियर जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत द्वारा आम जन की समस्याओं के निराकरण के लिये किए गए नवाचार “ पात्रता एप्लीकेशन” मोबाइल एप का शुभारंभ भी किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे समाजसेवियों और शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मेलन में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागर विमानन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने “नहीं मैं नहीं देख सकता तुझे रोते हुए…” गीत गुनगुनाते हुए प्रदेश भर की लाड़ली बहनाओं के खातों में एक – एक हजार रूपए की धनराशि अंतरित की। साथ ही कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रूपए बहनों के खाते में हमने पहुँचाए थे। उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह से सभी बहनों के खाते में 1250 रूपए की धनराशि आयेगी। मंच पर आगमन के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने फूलों की स्नेह वर्षा कर अपनी बहनों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद कन्या पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
0 Comments