एक साल पहले जनक गंज थाना क्षेत्र की ब्रिज विहार कॉलोनी में हुई थी घटना…
35 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी को मथुरा से किया गिरफ्तार
ग्वालियर। एक साल पहले शहर के जनक गंज थाना क्षेत्र के ब्रिज विहार कॉलोनी में रहने वाले विवेक शिवहरे के साथ 35 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी राजीव अग्रवाल को मथुरा शहर से गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर उसे यूपी के मथुरा से गिरफ्तार किया गया है। यहां राजीव अग्रवाल लोगों से धोखाधड़ी करके ऐंठे गए पैसों से व्यापार कर रहा था। दरअसल ब्रिज विहार कॉलोनी में विवेक शिवहरे और राजीव अग्रवाल आस-पास ही रहते थे। दोनों के बीच पारिवारिक संबंध थे।
एक बार राजीव अग्रवाल और उसके पिता शरद अग्रवाल ने विवेक को बताया कि वह मुस्कान ट्रेडिंग कंपनी नाम से कारोबार करते हैं और लोगों को विभिन्न स्कीमों में उनका पैसा कई गुना बढ़ा कर देते हैं। इतना पैसा लोगों को अपने फिक्स डिपॉजिट बैंक अथवा डाकघर की स्कीमों में नहीं मिलता है। विवेक शिवहरे पिता पुत्र की बातों में आ गए और उन्होंने धीरे-धीरे करीब 35 लाख रुपए राजीव अग्रवाल और उसके पिता को सौंप दिए। इसके बाद एक दिन रातों रात राजीव अग्रवाल अपने परिवार सहित शहर से गायब हो गया। इसके बाद विवेक शिवहरे को उनके मथुरा में होने की सूचना मिली यह सूचना उन्होंने पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर जाकर राजीव अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया।उसके कब्जे से कुछ पैसे और सोने चांदी के जेवरात मिले हैं। राजीव अग्रवाल और उसके पिता ने शहर के करीब डेढ़ दर्जन कारोबारियों को अपनी कंपनी में पैसा लगवा कर उन्हें पैसा बढ़ाकर देने का झांसा दिया था और वे करोड़ों रुपए लेकर यहां से गायब हो गए थे। जनक गंज पुलिस अब मामले की जांच कर रही है एवं राजीव अग्रवाल से पूछताछ कर रही है-आलोक परिहार,थाना प्रभारी,जनकगंज,ग्वालियर










0 Comments